मैट्रिक व इंटर परीक्षा परिणाम में हो सकता है विलंब
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा कराये जा रहे मैट्रिक व इंटर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य धीमी गति से चल रहा है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा कराये जा रहे मैट्रिक व इंटर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य धीमी गति से चल रहा है। इसके पीछे कई कारण है। इस कारण जैक भी अब इस मसले को लेकर चिंतित दिखाई पडऩे लगा है। धीमी गति के कारण मई के प्रथम सप्ताह में मैट्रिक और इंटर के परीक्षा परिणाम के प्रकाशन की संभावना कम हो गई है।
जैक ने स्थिति को भांपते हुए मूल्यांकन केंद्रों व जिला शिक्षा पदाधिकारियों के लिए नया निर्देश जारी किया है। मालूम हो कि 28 मार्च से उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है। इसके लिए राज्य में 69 मूल्यांकन केंद्र बनाये गए है। कई मूल्यांकन केंद्रों पर शिक्षकों ने योगदान ही नहीं दिया है। खासकर इंटर के मूल्यांकन केंद्रों में यह स्पष्ट देखा जा सकता है। जैक के नये निर्देश के मुताबिक मूल्यांकन केंद्रों पर नियुक्त परीक्षकों में से अबतक कितने परीक्षकों ने योगदान नहीं दिया है। इसकी सूची क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक व जिला शिक्षा पदाधिकारी से तत्काल भेजने के लिए कहा है। जैक के सचिव महीप सिंह द्वारा जारी पत्र के अनुसार किन विषयों की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन समय पर पूरा हो जायेगा और किनका नहीं इसकी भी सूची भेजनी है।
ये हैं जैक का नया निर्देश
1. मूल्यांकन हेतु नियुक्त परीक्षकों में से कितने परीक्षकों ने योगदान नहीं किया? उन परीक्षकों की सूची कारण सहित अविलंब उपलब्ध कराई जाये।
2. कुल कितने परीक्षकों को बाद में जिला स्तर से मूल्यांकन कार्य में लगाया गया है, की विषयवार सूची।
3. ऐसे विषय, जिनका मूल्यांकन कार्य 15 अप्रैल तक पूरा नहीं हो सकेगा, की सूची एवं आवंटित पुस्तिकाओं की संख्या करायी जाये।
4. मूल्यांकन केंद्रों को आवंटित ऐसी उत्तरपुस्तिकाएं, जिनका अंकपत्रक केंद्र को अप्राप्त है, के संबंध में सूचना अविलंब उपलब्ध कराई जाये।
नहीं प्रारंभ हो पाया इंग्लिश, अर्थशास्त्र, सामाजिक विज्ञान का मूल्यांकन
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने किया मैट्रिक व इंटर के मूल्यांकन केंद्र का किया निरीक्षण
सेंट जोसेफ उच्च विद्यालय गोलमुरी में कई शिक्षकों ने नहीं किया योगदान, मूल्यांकन कार्य प्रभावित
जासं, जमशेदपुर : जिला शिक्षा पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार ने मैट्रिक के दो व इंटर के एक मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण सोमवार को किया। साकची स्थित बालिका उच्च विद्यालय व शारदामणि उच्च विद्यालय में चल रहे मूल्यांकन कार्य पर संतोष जताया।
सेंट जोसेफ हाई स्कूल गोलमुरी में इंटर में धीमी गति से चल रहे मूल्यांकन कार्य पर अफसोस जताया। समीक्षा की तो यहां पाया कि यहां कई शिक्षकों ने योगदान ही नहीं किया है। यहां इंग्लिश, अर्थशास्त्र, सामाजिक विज्ञान की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ ही नहीं हो पाया। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि जल्द ही इस मूल्यांकन केंद्र दूसरे मूल्यांकन केंद्र के शिक्षकों को लगाया जायेगा, ताकि इन विषयों का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ हो सके।