स्वर्णरेखा नदी से मिली महिला रेलकर्मी की लाश, गालूडीह स्टेशन में थी कार्यरत Jamshedpur News
स्वर्णरेखा नदी से रविवार को मुसाबनी पुलिस ने 56 वर्षीय महिला का शव बरामद किया। महिला का शव स्वर्णरेखा नदी में गालूडीह से बहकर बेनाशोल पहुंच गया था।
मुसाबनी (पूर्वी सिंहभूम), जासं। पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र के मउभभंडार में स्वर्णरेखा नदी से रविवार को मुसाबनी पुलिस ने 56 वर्षीय महिला का शव बरामद किया। महिला का शव स्वर्णरेखा नदी में गालूडीह से बहकर बेनाशोल पहुंच गया था। मृतका की पहचान नेहार गोप के रूप में की गई है।
महिला धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के शामका जुगीशोल की रहने वाली है। वर्तमान में वह राखा माइंस दुड़कु में अपनी बेटी -दामाद के यहां रहती थी। महिला गालूडीह रेलवे स्टेशन ऑफिस में काम करती थी। महिला की बेटी लता गोप एवं दामाद सुपार गोप ने बताया कि 25 जून गुरुवार को शाम चार बजे उनकी मां गालूडीह रेलवे स्टेशन कार्यालय से ड्यूटी कर पैदल घर लौट रही थी। इसी क्रम में पैदल ही रेलवे पुल पार करने के दौरान मालगाड़ी आ गई। मालगाड़ी से नेहार गोप को धक्का लग गया और वह सीधे पुल के नीचे जा गिरी। नदी में मछली पकड़ने वालों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। बेटी -दमाद 25 जून से ही उसके शव की खोज में जुटे थे।
मछुआरे ने देखी लाश तो पुलिस को दी सूचना
मृतका की बेटी-दामाद।
28 जून को बेनाशोल में स्वर्णरेखा नदी में मछली पकड़ने गए मछुआरे ने महिला की लाश को देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी। मुसाबनी थाना प्रभारी संजीव कुमार झा, सब इंस्पेक्टर दीपेश कुमार, मनोज कुमार पुलिस बल के साथ बेनाशोल स्वर्णरेखा नदी किनारे पहुंचकर महिला के शव को नदी से बाहर निकाल कर पंचनामा किया एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला की बेटी, दामाद, भतीजा सहित अन्य परिजनों ने शव की पहचान नेहार गोप के रूप में की।