प्री मानसून बारिश का असर, साकची में धूप-बिष्टुपुर में वर्षा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : लौहनगरी समेत पूरे प्रदेश में प्री मानसून की बारिश ने दस्तक दे दी। मंगलवा
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : लौहनगरी समेत पूरे प्रदेश में प्री मानसून की बारिश ने दस्तक दे दी। मंगलवार को जमशेदपुर के कई इलाके भी इस बारिश से तर हुए। सुबह-जुबिली पार्क के सर्किट हाउस गेट की ओर जहां झमाझम बारिश हुई तो वहीं पार्क के साकची गेट की ओर धूप खिली रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्री मानसून की बारिश ऐसी ही होती है। छोटा सेल बनने और सर्कुलेशन के कारण छोटे-छोटे क्षेत्र में बारिश होती है। अमूमन देखा जाता है कि सड़क के एक छोर पर बारिश हो रही होती है और दूसरे छोर पर धूप रहती है।
मौसम विभाग के यूके श्रीवास्तव के अनुसार छत्तीसगढ़ के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने के कारण जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है। आने वाले तीन से चार दिनों तक छिटपुट बारिश होती रहेगी। शहर में नौ जून को तेज बारिश होने की आशंका है।
आने वाले पांच दिनों के दौरान पूर्वी सिंहभूम जिला में 29 मिमी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। जिले में बुधवार यानी छह जून को छह मिमी बारिश होने की संभावना है तो सात जून को बारिश नहीं होगी। वहीं आठ और नौ जून को नौ-नौ मिमी व दस जून को पांच मिमी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवा चलेगी और बादल गरजेंगे। मंगलवार को शहर का तापमान सामान्य से कम रहा। यहां अधिकतम तापमान 36.1 और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान शहर में 2.8 मिमी बारिश हुई है।
---------
राज्य में देरी से पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मानसून दक्षिण भरत के लगभग सभी राज्यों, बंगाल की खाड़ी, असम और अरुणाचल प्रदेश में पहुंच गया है। आने वाले एक-दो दिनों में मानसून के त्रिपुरा, मेघालय के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल के इलाकों और सिक्किम पहुंच जाने की उम्मीद है। लेकिन मानसून के झारखंड पहुंचने में देरी हो सकती है। राज्य में मानसून पहुंचने का सामान्य समय दस जून रहा है। वर्तमान में सेटेलाइट से मिल रही जानकारी के अनुसार दस जून के बाद ही राज्य में मानसून का प्रवेश होगा। इससे पहले यहां प्री मानसून की बारिश होती रहेगी।
--------
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
दक्षिण भारत में मानसून पहुंचने के साथ ही विभाग ने झारखंड में अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले एक दो दिनों में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र के विदर्भ-कोंकण, गोवा, तमिलनाडु, तेलंगाना, अंदरूनी कर्नाटक और तटीय आध्र प्रदेश में आधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। विभाग की ओर से चेतावनी जारी होने के बाद राज्य में सतर्कता बरता जा रहा है। बहरहाल, शहरवासी मानसून की पहली झमाझम बारिश इंतजार कर रहे है।
---
औसत से ज्यादा होगी बारिश
इस बार जमशेदपुर में प्री मानसून की अच्छी बारिश होने की स्थिति बन रही है। अप्रैल में अपेक्षा से ज्यादा और मई में पूर्वानुमान से कम बारिश हुई। अब जून में मानसून की औसत से ज्यादा बारिश के संकेत है। जून 2017 में 241.5 मिमी, 2016 में 254.8 मिमी, 2015 में 612.4 मिमी और 2008 में 698.7 मिमी बारिश होने का अबतक का रिकॉर्ड है।