अनुमंडल में 3656 लोग क्वारंटाइन, 11 विदेशी
कोरोना महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए शासन-प्रशासन के साथ सेवाभावी संगठनों की ओर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
संवाद सहयोगी, घाटशिला : कोरोना महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए शासन-प्रशासन के साथ सेवाभावी संगठनों की ओर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। लॉकडाउन में सोशल डिस्टेंसिग का अनुपालन कराने सहित प्रशासन जरूरतमंदों की सुविधा-असुविधा पर भी फोकस कर रहा है।
ऐसे में घाटशिला अनुमंडल के विभिन्न प्रखंड में अब तक लगभग 3656 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इनमें राज्य के विभिन्न जिले एवं बाहर से आए लोगों समेत कई विदेश यात्रा से लौटने वाले एवं 11 विदेशी नागरिक शामिल हैं जिन्हें स्वासपूर स्थित क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। जबकि कुछ लोगों को होम क्वारंटाइन कर स्वास्थ्य विभाग उन पर पैनी नजर बनाए हुए है। मुसाबनी प्रखंड में 773, घाटशिला में 774, डुमरिया में 495, चाकुलिया में 516 एवं गुड़ाबंधा में 213 एवं बहरागोड़ा में 885 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है।
आठ मृतकों में छह निगेटिव पाए गए, दो की रिपोर्ट का इंतजार
घाटशिला प्रखंड में पिछले रविवार से गुरुवार तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें गुरुवार को दो लोगों की मौत हुई। दोनो का ब्लड सैंपल लिया गया है। जबकि रविवार से बुधवार तक मृत 6 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। गुरुवार को घाटशिला प्रखंड के भादुआ व उल्दा में एक-एक लोगों की मौत हुई। इन दोनो की रिपोर्ट आनी बाकी है।
बांकी में कार्ड से वंचित 250 लोगों के बीच खाद्यान्न का वितरण
बाँकी पंचायत भवन परिसर में गुरुवार को मुखिया शोभारानी हांसदा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से वंचित लगभग 250 असहाय एवं जरूरतमंद लाभुको के बीच खाद्यान्न का वितरण किया गया। जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने उपस्थित रहकर लाभुकों को खाद्यान्न प्रदान किया। इस दौरान सोशल डिस्टेंस का पूरा ख्याल रखा गया। जिला पार्षद मुर्मू ने बताया कि कोई भी जरूरतमंद खाद्यान्न के अभाव से वंचित ना रहे। वर्तमान संकट से निपटने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। उपमुखिया तारा रानी महतो, पंचायत सेवक त्रिलोचन प्रधान, सिदाम मुर्मू, बिशु टुडू प्रमुख उपस्थित थे।
डॉ. बलमुचू ने बांटी खाद्य सामग्री
घाटशिला के पूर्व विधायक डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू के द्वारा गुरुवार को कीताडीह, नुआग्राम, राजस्टेट इत्यादि जगहों पर खाद्य सामग्री के पैकेट बांटे गए। इस दौरान डॉ. बलमुचू ने ग्रामीणों को दुख-दर्द भी सुना। साथ ही लोगों से सोशल डिस्टेंसिग का पूर्ण रूप से पालन करने का आग्रह किया तथा लॉक डाउन के दौरान घरों में रहने की अपील की है। मौके पर राजकिशोर सिंह, सत्यजीत सीट, शेख असरफ भोलू, हीरा सिंह, टिकू समेत अन्य मौजूद रहे।