फर्जी एंटी करप्शन अफसर बन करता था उगाही, महिला को ब्लैकमेल कर बनाना चाहता था संबंध, महिलाओं ने दबोचा
फर्जी एंटी करप्शन अफसर बनकर महिला को ब्लैकमेल करने की कोशिश करने वाले फणींद्र महतो को मंगलवार को महिलाओं ने दबोच लिया और उसकी पिटाई कर दी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : फर्जी एंटी करप्शन अफसर बनकर महिला को ब्लैकमेल करने की कोशिश करने वाले फणींद्र महतो को मंगलवार को महिलाओं ने दबोच लिया और उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के बाद महिलाओं ने उसे मानगो थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। फणींद्र महतो ब्लैकमेल की राशि लेने के लालच में ही महिलाओं के बिछाए जाल में फंसा और पुलिस के हत्थे चढ़ा। वह चाकुलिया के जमुना गांव का रहने वाला है।
फणींद्र महतो पर फर्जी एंटी करप्शन अफसर बनने के अलावा फर्जी तरीके से शराब के अड्डों पर छापेमारी कर शराब कारोबारियों से वसूली करने, महिला को ब्लैकमेल करने, महिला पर बुरी नजर रखने का भी आरोप है। जिस महिला को आरोपित ने खुद को एंटी करप्शन अफसर बता फांसा था और ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध बनाने को मजबूर करने की कोशिश कर रहा था, उसी महिला ने उसका भांडा फोड़ दिया और पुलिस के हवाले कर दिया। महिला मुसाबनी इलाके की रहने वाली है। महिला के मुताबिक एक माह पूर्व उसका परिचय फणींद्र महतो से चाकुलिया में हुआ था। उसने (फणींद्र ने) अपने आप को एंटी करप्शन अफसर बताया। फणींद्र ने महिला से कहा कि हमलोग महिलाओं का एक ग्रुप बनाकर अवैध शराब के खिलाफ रेड मारेंगे, आप लोग हमारे साथ जुड़ जाएं। उसके कहने पर महिला सहमत हो गई। महिला ने बताया कि फणींद्र के कहने पर महिला ग्रुप बनाकर उन्होंने दो बार इलाके में अवैध शराब के अड्डों पर रेड भी किया। एंटी करप्शन अफसर बनकर वह शराब बनाने व बेचने वाले को पकड़ता था और रुपये लेकर छोड़ देता था। हद तो तब हो गई जब फणींद्र अपना प्रभाव जमाकर उसी महिला पर बुरी नजर रखने लगा। उसने कई बार महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब महिला इससे इन्कार करती तो वह दूसरी लड़की की व्यवस्था करने को कहता। जब महिला ने उसकी हर बात खारिज कर दी, तो उसने दूसरा रास्ते अख्तियार किया।
महिला ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के बीच फणींद्र उसकी (महिला की) व्यक्तिगत बातों को भी जान चुका था। उसे महिला के एक पुरूष दोस्त के बारे में भी पता चल गया, जिससे महिला बात करती थी। जब महिला ने आरोपित की हर मांग को खारिज कर दिया तो उसने उसके पति को पुरूष दोस्त के बारे में सबकुछ बता दिया। पति को जब यह बात पता चली, तब पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद आरोपित महिला को पति व पुलिस दोनों के नाम पर डराने लगा और मामला मैनेज करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग करने लगा। महिला इससे परेशान हो गयी। इसके बाद उसने अपनी सहेली को पूरी बात बताई और मदद मांगी।
----
महिलाओं ने हिम्मत दिखाकर पकड़ा आरोपित को
महिला ने बताया कि उसने अपनी सहेली की सलाह पर अन्य महिलाओं के साथ प्लान बनाया कि आरोपित को मानगो में बुलाकर पकड़वाया जाए। इसके बाद उन्होंने आरोपित फणींद्र महतो से कहा कि पैसा लेना है तो मानगो गुरुद्वारा रोड में आ जाए। वह अपनी सहेली व अन्य महिलाओं के साथ सात मई की दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे मानगो गुरुद्वारा रोड स्थित भाटिया होटल के पास खड़ी होकर उसके आने का इंतजार करने लगीं। इसी बीच उन्होंने मानगो पुलिस को भी सूचना दे दी थी। आरोपित फणींद्र महतो ठीक साढ़े 12 बजे गुरुद्वारा रोड स्थित भाटिया होटल के पास आया। पहले महिलाओं ने मिलकर उसे पकड़ा और खूब पीटा। इसी बीच मानगो पुलिस पहुंच गयी और आरोपित को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है कि उसने और कहां-कहां डरा-धमकाकर पैसे की उगाही की है। उसका और सहयोगी कौन है, आदि का पता लगा रही है।
----
फर्जी आधार कार्ड भी मिला
अपने आप को एंटी करप्शन ब्यूरो का अफसर बताने वाले फणींद्र महतो की जब तलाशी ली गई तो उसके पास से पुलिस को रेलवे का फर्जी टीटीई का परिचय पत्र, एंटी करप्शन का फर्जी कार्ड, फर्जी आधार कार्ड आदि जब्त किया गया।