शादी-शुदा युवक ने प्रेम जाल में फांस किया यौन शोषण, मन भर गया तो लाखों ठगकर हुआ चंपत
महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले बढ़ते जा रहे हैं। महिलाएं आए दिन यौन शोषण से लेकर ठगी तक की शिकार बन रहीं हैं।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले बढ़ते जा रहे हैं। महिलाएं आए दिन यौन शोषण से लेकर ठगी तक की शिकार बन रहीं हैं। मारपीट-छेड़खानी तो जैसे आम बात हो गई है। ताजा घटना मानगो थाना क्षेत्र की है, जहां एक युवती ने मानगो निवासी मो. सादाब पर झांसा देकर प्रेम जाल में फांसने और इसके बाद डेढ़ साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। आरोप यह भी है कि आरोपित का जब मन भर गया तो उसने बिजनेस करने के नाम पर युवती से तीन लाख रुपये ठग लिए और उसकी जिंदगी से चंपत हो गया। बाद में युवती को पता चला कि मो. सादाब पहले से शादी-शुदा था, बावजूद खुद को कुंवारा बताकर उसे झांसा दे रहा था। युवती ने मामले की शिकायत मानगो थाने में दर्ज करा दी है। युवती के मुताबिक जब उसे मो. सादाब की सच्चाई पता चली तो उसने उससे बिजनेस के नाम पर ऐंठे गए रुपये मांगे। इसपर उसने उसे एक चेक दिया, जो बाउंस कर गया। अब आरोपित उसे शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी दे रहा है।
पुलिस को युवती ने बताया कि आरोपित से डेढ़ साल पहले उसकी मुलाकात हुई थी। कुछ दिनों बाद उसने प्यार का इजहार किया। वह उसके मीठी-मीठी बातों में आ गई। इसके बाद आरोपित लगातार युवती के घर जाने लगा और उससे डेढ़ साल तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब युवती ने उससे शादी की बात कही तो वह आर्थिक रूप से स्थापित होने पर शादी करने की बात कहने लगा। इस बीच उसने बिजनेस करने के नाम पर युवती से तीन लाख रुपये ठग लिए। बाद मे युवती को पता चला कि वह शादी-शुदा है और उसे ठग कर उसका यौन शोषण कर रहा था। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।
--
सिदगोड़ा में महिला से अभद्र व्यवहार
जासं, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित 10 नंबर बस्ती झूला मैदान के सामुदायिक विकास भवन के पास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने से लोग परेशान हैं। दो दिन पहले एक स्थानीय महिला के साथ शराब के नशे में असामाजिक तत्वों ने अभद्र व्यवहार किया। उस महिला के भाई ने जब विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की गयी। भय के कारण इसकी शिकायत थाने में नहीं की गई। शराब पीने और जुआ खेलने वालों का जमावड़ा वहां लगा रहता है। जिससे महिलाओं को परेशानी होती है। पास में ही मंदिर भी है।
---
बोड़ाम की महिला की मौत
जासं, जमशेदपुर : पटमदा के बोड़ाम थाना क्षेत्र की महिला बसंती महतो की टाटा मुख्य अस्पताल में मौत हो गई। वह पुरुलिया मे अपने रिश्तेदार के घर विवाह समारोह में गई थी। 17 अप्रैल को बाजार में अचानक बेहोश होकर गई थी। उसे टीएमएच में दाखिल कराया गया था।
--
महिला से मारपीट कर लज्जा भंग करने का मामला दर्ज
जासं, जमशेदपुर : बिरसानगर एससीएसटी थाने में परसुडीह थाना क्षेत्र की महिला ने देवाशीष मिश्रा, सावित्री रानी मिश्रा, सुस्मिता मिश्रा के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित महिला ने कहा है कि उपरोक्त आरोपितों ने 25 फरवरी 2019 को परसुडीह स्थित उसके घर में जबरन घुसकर गाली गलौज की। जाति सूचक गाली देकर उसे अपमानित किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपितों ने एकजुट होकर लज्जा भंग किया।