CoronaVirus : कोरोना से यहां इस तरह लड़ी जा रही जंग, जानिए क्या उठाए गए हैं कदम Jamshedpur News
CoronaVirus. कोरोना वायरस से निपटने के लिए कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में खास कदम उठाए गए हैं । ये रही पूरी जानकारी।
जमशेदपुर, जेएनएन। CoronaVirus वैश्विक मुसीबत बनकर सामने आए कोरोना वायरस से निपटने के लिए झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में खास कदम उठाए गए हैं। स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं वही सार्वजनिक आयोजन पर पावंदी है। समझदारी का परिचय देते हुए संस्थाएं व सामाजिक संगठन अपने सार्वजनिक आयोजनों को स्वेच्छा से टाल रहे हैं।
पूर्वी सिंहभूम में आज से 12 चेक नाकों पर 24 घंटे मजिस्ट्रेट रहेंगे तैनात
कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई के लिए पूर्वी सिंहभूम प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार से जिले के सभी 12 चेकनाका पर 23 घंटे मजिस्ट्रेट के अलावा मेडिकल कर्मी व सहायक तैनात कर दिए गए हैं। गुरुवार को जिला समाहरणालय में सभी को प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने दंडाधिकारी एवं पारा मेडिकल कर्मियों को बताया था कि पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रवेश करने वाले सभी लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उनसे संबंधित जानकारी एकत्रित करना है। इस क्रम में लोगो से जोर जबरदस्ती नहीं करना है। यदि किसी व्यक्ति में कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाते हैं और उनका संक्रमित देश अथवा राज्य में पिछले 15 दिनों में आना जाना हुआ है तो उनका सैंपल लेना जरूरी है और इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को देना होगा। इसके साथ ही किसी व्यक्ति में कोरोना वायरस के संक्रमण होने का संदेह होने पर उन्हें चिन्हित करने का भी निर्देश उपायुक्त ने दिए। उपायुक्त ने कहा कि लोगों को जागरूक करें कि कोरोना वायरस कैसे फैलता है और उससे कैसे बचा जा सकता है।
जानिए कहां, किस पदाधिकारी की तैनाती
प्रखंड - चेकिंग प्वाइंट - पदाधिकारी
बहरागोड़ा - जगन्नाथपुर बंगाल रोड और कलियाडीह ओडिशा रोड - राजेश कुमार साहू, प्रखंड विकास पदाधिकारी बहरागोड़ा
चाकुलिया - बेंद सड़क - लेखराज नाग, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चाकुलिया
गुडाबंदा - गुडाबंदा पिकेट - सीमा कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, गुडाबंदा
बोड़ाम - सुसनी, पुरुलिया रोड - राकेश कुमार गोप, प्रखंड विकास पदाधिकारी बोड़ाम
पटमदा - काटिंग चौक, बांकुड़ा रोड - शंकराचार्य सामड, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पटमदा
पोटका - हल्दीपोखर चौक व हाता चौक - कपिल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पोटका
पारडीह - मानगो नगर निगम, दीपक सहाय कार्यपालक पदाधिकारी
जमशेदपुर अक्षेस - नया पुल, कदमा और आदित्यपुर टोल के पास - कृष्ण कुमार, विशेष पदाधिकारी, जमशेदपुर अक्षेस
घाटशिला - केशपुर चेक पोस्ट, बागुडिया - संजय कुमार दास, प्रखंड विकास पदाधिकारी, घाटशिला
बंदियों की न्यायालय में सशरीर पेशी नहीं
पूर्वी सिंहभूम के घाघीडीह सेंट्रल जेल में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव नीतिश निलेश सांगा ने जेल अधीक्षक सुरेंद्र चौधरी के सथ जेल का निरीक्षण किया। कोरोना वायरस को लेकर सावधानी और सतर्कता की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बंदियों की न्यायालय में पेशी पर फिलहाल रोक रहेगी। जरूरत होने पर वीडियो क्रॉन्फेसिंग से पेशी की व्यवस्था होगी। सचिव ने जेल में डीडीटी एवं ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव करने का निर्देश दिया। साफ-सफाई का पर ध्यान रखने को कहा। देखा कि जेल में सैनिटाइजर और हैंडवाश का विशेष व्यवस्था की गई है। जेल में आने वाले नए बंदियों के लिए दो आइसोलेशन वार्ड बनाए गए है। जहां इनकी चिकित्सीय जांच की जा रही है। बंदियों से परिजनों के मुलाकात रोकने के बाद ई मुलाकात व्यवस्था शुरू की गई है।
सैनिटाइजर हाथ में लगाकर कर रहे कंपनी में प्रवेश
टाटा कमिंस कंपनी गेट में प्रवेश से पूर्व कर्मचारी अपने हाथों में सैनिटाइजर लगाना नहीं भूल रहे। कंपनी के अंदर जाने के बाद कर्मचारियों के कार्य स्थल पर भी साफ-सफाई के उपाय किए जा रहे हैं। कर्मचारियों के बीच रहने वाले अधिकारियों को मॉस्क लगाने की सलाह दी गई है। उधर, जिन कर्मचारियों को सर्दी-जुकाम हो जाता है उन्हें मेडिकल चेकअप कराने के बाद ही ड्यूटी पर आना है। वहीं शहर से बाहर रहने के बाद कर्मचारियों की वापसी पर उनकी भी मेडिकल जांच होनी है। मेडिकल जांच के लिए कर्मचारियों को मेडिकल अनफिट किया जायेगा तो फिट होने के बाद ही उन्हें ड्यूटी मिलेगी।
नमस्ते करने की मिल रही सलाह
टाटा मोटर्स, टाटा हिताची व टाटा कमिंस के कर्मचारियों को अब एक-दूसरे से हाथ मिलाने की जगह नमस्कार करने की सलाह दी जा रही है। कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों को कोरोना से बचने के लिए यह सुझाव दिया जा रहा है। कर्मचारी भी इस पर अमल कर रहे हैं तथा एक-दूसरे को नमस्कार करने लगे हैं।
टेल्को कॉलोनी में बांटे जा रहे पर्चे
कोरोना से बचाव को लेकर टेल्को कॉलोनी में अब पचे बांटे जा रहे हैं। टेल्को नगर विभाग के प्रतिनिधि कर्मचारियों के घर-घर जाकर उन्हें कोरोना वायरस से बचने के उपाय बता रहे हैं तो पर्चा देकर जागरूक बनाने का भी काम कर रहे हैं।