कोरोना की दूसरी लहर का कहर, जमशेदपुर में तीन की मौत, 256 मिले नए मरीज
Coronavirus Jamshepur News कोरोना की दूसरी लहर जमशेदपुर में कहर बरपा रही है। तीन मरीजों की मौत कोरोना से हो गई। तीनों का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा था। इसमें एक कदमा की 64 वर्षीय महिला है। ये रही पूरी जानाकारी।
जमशेदपुर, जासं। Coronavirus New cases in Jamshedpur, कोरोना की दूसरी लहर जमशेदपुर शहर में कहर बरपा रही है। शुक्रवार को तीन मरीजों की मौत कोरोना से हो गई। तीनों का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा था। इसमें एक कदमा की 64 वर्षीय महिला है। जबकि दो पुरुष है।
मानगो के एक पुरुष (60) व दूसरा टेल्को का (73) हैं। वहीं, शुक्रवार को मरीजों की संख्या में भी काफी वृध्दि दर्ज की गई। कुल तीन हजार 110 लोगों की जांच हुई। इसमें 256 पॉजिटिव मिले। सबसे अधिक मानगो क्षेत्र में मरीज मिले हैं। मानगो में 40 पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। दूसरे स्थान पर कदमा क्षेत्र है। यहां कुल 38 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसके साथ ही आजादनगर में एक, बागबेड़ा में सात, बिरसानगर में एक, बिष्टुपुर में 25, बर्मामाइंस में दो, चाकुलिया में एक, घाटशिला में एक, गोलमुरी में 10, गोविंदपुर में एक, जुगसलाई में सात, परसुडीह में आठ, पटमदा में एक, पोटका में एक, साकची में 12, सिदगोड़ा में 16, सोनारी में 19, सुंदरनगर में दो, टेल्को में 18 व अन्य 41 मरीज मिले हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 20 हजार 164 हो गई है।
चार हजार से अधिक लोगों का भेजा गया नमूना
जिले में शुक्रवार को चार हजार 341 लोगों का नमूना संग्रह कर जांच के लिए भेजा गया। शहर भर में विशेष जांच अभियान चलाकर लोगों का नमूना लिया गया। रिपोर्ट सोमवार शाम तक आने की संभावना है।
72 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
जिले के विभिन्न कोविड अस्पतालों से शुक्रवार को कुल 72 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। अभी तक जिले में कुल 18 हजार 529 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के छह एमबीबीएस छात्र पॉजिटिव, परीक्षा स्थगित
महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के छह एमबीबीएस छात्र पॉजिटिव हो गए हैं। इससे उनकी शनिवार को होने वाली मौखिक परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। सभी मरीजों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, एमजीएम प्रिंसिपल डॉ. जीएस बड़ाईक को संदेह होने पर उन्होंने कॉलेज के 50 छात्रों की जांच कराई तो इसमें छह पॉजिटिव निकल गए।