Coronavirus Saraikela News: सरायकेला सदर अस्पताल में इलाजरत कोरोना पाजिटिव महिला की मौत, आंकडा पहुंचा 17
Coronavirus Saraikela News सरायकेला- खरसावां जिले में रविवार को सरायकेला सदर अस्पताल में इलाजरत कोरोना संक्रमित महिला (62) की मौत हो गई। कोरोना संक्रमित महिला को सांस लेने में दिक्कत होने पर 24 अप्रैल शुक्रवार को सरायकेला के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सरायकेला, जासं। सरायकेला- खरसावां जिले में रविवार को सरायकेला सदर अस्पताल में इलाजरत कोरोना संक्रमित महिला (62) की मौत हो गई। कोरोना संक्रमित महिला को सांस लेने में दिक्कत होने पर 24 अप्रैल शुक्रवार को सरायकेला के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार को आइसीयू वार्ड में उसका इलाज चल रहा था। जहां रविवार सुबह मौत हो गई।
शनिवार को महिला का कोविड-19 टेस्ट कराया गया था। जिसमें महिला का रिपोर्ट पाजिटिव आया था। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मृत महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सिविल सर्जन डा. हिमांशु भूषण बरवार ने बताया कि महिला गम्हरिया प्रखंड की थी। महिला को बुखार और सांस लेने की शिकायत थी। महिला का शुक्रवार को करोना टेस्ट कराया गया था जिसमें उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आया था। उन्होंने बताया कि महिला की मौत की वजह हार्ट फेल और कोविड संक्रमण से हुआ है। सरायकेला - खरसावां जिले में कोरोना से मौत का आंकड़ा बढ़कर 17 हो गया है। मरने वालों में सबसे ज्यादा संख्या 50 से ज्यादा उम्र वालों की है। वर्तमान जिले में 734 कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है। अस्पताल पहुंचने के बाद भी लोगों की मौत होना जिला में चिंता का विषय बन गया है।
राजनगर में कोरोना के मिले 15 पॉजिटिव केस
कोरोना की दूसरी लहर बहुत तेजी से पांव पसार रही है। शनिवार को राजनगर में अब तक के सबसे ज्यादा मामले सामने आए। शनिवार को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना जांच की गइ। जिसमें सबसे ज्यादा 15 पॉजिटिव केस पाए गए। इनमें राजनगर के सोसोडीह स्थित नर्सिंग कौशल कॉलेज की 11 छात्राएं पॉजिटिव पायी गईं। इसके अलावे बड़ा जामदा के दो, रुंगटा प्लांट से एक तथा राजनगर के एक गांव से एक पॉजिटिव केस आया है। कोविड इंचार्ज डॉ. एसएम देमता ने बताया कि शनिवार को 15 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा सोसोडीह नर्सिंग कौशल कॉलेज की 11 छात्राएं शामिल हैं। अभी तक राजनगर से कुल 64 केस मिले हैं। जिनमें 9 पूरी तरह स्वास्थ्य हो चुके हैं। होम आइसोलेशन में 48 मरीज हैं। राजनगर कोविड केयर सेंटर में 6 मरीज भर्ती हैं। जिनमें 3 मरीज ऑक्सीजन स्पोर्ट पर हैं तथा 3 सामान्य रूप से भर्ती हैं।