Live Coronavirus Jamshedpur : कोल्हान में कोरोना पॉजिटिव की संख्या हुई 39, चार नए मरीज मिले
Live Coronavirus Jamshedpur.कोल्हान में कोरोना पॉजिटिव की संख्या तेजी से बढ़ रही है। चार नए पॉजिटिव के साथ आंकड़ा 39 पर पहुंच गया है।
जमशेदपुर, जासं। Live Coronavirus Jamshedpur कोल्हान में कोरोना पॉजिटिव की संख्या तेजी से बढ़ रही है। चार नए पॉजिटिव के साथ आंकड़ा 39 पर पहुंच गया है। सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया में एक व पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर (चाईबासा), टोंटो तथा कुमारडुंगी प्रखंड में एक-एक यानी तीन कोरोना पॉजिटिव मिले। ये तीनों मजदूर हैं। इनमें एक बेंगलुरु व दो पुणो से लौटे थे।
वही, चाकुलिया निवासी मरीज 15 मई को महाराष्ट्र से जमशेदपुर लौटा था। इसके बाद बिष्टुपुर स्थित लोयोला स्कूत में उसका नमूना लेकर जांच के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लेब भेजा गया था। वहीं, मरीज को चाकुलिया के बेंद स्थित सरकारी क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। मरीज महाराष्ट्र में मजदूरी का कार्य करता था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मरीज को टाटा मुख्य में अस्पताल में भर्ती किया गया है। उधर क्वारंटाइन सेंटर को खाली करा लिया गया है। उसे सेनिटाइज किया गया। चाकुलिया में यह तीसरा मरीज है। इससे पूर्व भी दोमरीज मिल चुके है। दोनों कोलकाता से लौटे थे।
पूर्वी सिंहभूम में छह कंटेनमेंट जोन
वहीं, बीते सोमवार को भी बारीडीह सिदगोड़ा क्षेत्र से चार कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए थे। पूर्वी सिंहभूम जिले में अबतक 25 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है, और अभी तक छह इलाकों को कंटेनमेंट जोन बनाकर सील किया गया है। वहीं कोल्हान में अबतक 39 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। इसमें पश्चिमी सिंहभूम के दस व सरायकेला-खरसावां के चार मरीज शामिल है। चिकित्सकों के अनुसार सबकी स्थिति सामान्य है।
ड्यूटी में तैनात 25 लैब टेक्नीशियनों का लिया गया नमूना
घर-घर जाकर लोगों का नमूना संग्रह करने वाले 25 लैब टेक्नीशियनों पर भी कोरोना वायरस का खतरा मंडरा रहा है। सभी लैब टेक्नीशियनों को जिला सर्विलांस विभाग में बुलाकर उनका नमूना लिया गया।
28 के बजाए 21 दिनों का होगा क्वारंटाइन
क्वारंटाइन सेंटर या कंपनी हॉस्पिटल में बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों या शहरवासियों के लिए खुशखबरी है। कोविड 19 के कारण उन्हें अब 28 के बजाए 21 दिन ही क्वारंटाइन में रहना होगा। स्थानीय जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के बाद टाटा स्टील प्रबंधन ने इस संबंध में सर्कुलर जारी किया है। इसके तहत बाहर से आने वाले सभी कर्मचारियों व उनके आश्रित को अनिवार्य रूप से पहले टीएमएच या कोविड 19 टेस्टिंग सेंटर पहुंचना होगा। जांच के बाद उन्हें 21 दिनों तक ही क्वारंटाइन में रहना होगा।