Civid 19 Cases in Jamshedpur : जमशेदपुर में पांच लाख लोगों की हुई कोरोना जांच, अब सिर्फ 156 एक्टिव केस, ये रही पूरी जानकारी
Civid 19 Cases in Jamshedpur. झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में अब 156 कोरोना के एक्टिव केस है। लेकिन खुश होने के लिए यह काफी नहीं है। चिंता की बात है कि अब भी रोज कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं।
जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम में अब तक पांच लाख लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। इसमें 17 हजार 866 लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि 17 हजार 326 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। अब सिर्फ 156 केस ही एक्टिव है, जिनका इलाज शहर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना से अबतक 374 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। कोरोना से सबसे अधिक शहरी क्षेत्र प्रभावित रहा। शहरी क्षेत्रों में 14 हजार से अधिक लोग संक्रमित मिले हैं। इसे देखते हुए बागबेड़ा, सोनारी, मानगो, कदमा, बारीडीह क्षेत्र को हॉट स्पाट के रूप में चिन्हित किया गया है। इन क्षेत्रों से सबसे अधिक कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं।
मिले नए 27 कोरोना पॉजिटिव
इधर, पूर्वी सिंहभूम जिले में गुरुवार को एक हजार 375 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 27 पॉजिटिव मिले, जिसमें 19 शहरी क्षेत्र, सात धालभुमगढ़ व एक चाकुलिया के रहने वाले हैं। वहीं, शहरी क्षेत्र में मिले संक्रोमितों में मानगो, बागबेड़ा, बिरसानगर, बिष्टुपुर, साकची, कदमा, सोनारी, छोटा गोविंदपुर सहित अन्य क्षेत्रों के मरीज शामिल हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हजार 866 हो गई है।
922 संदिग्धों का लिया गया नमूना
गुरुवार को 922 संदिग्धों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। अबतक 501325 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 476802 का रिपोर्ट निगेटिव आई है।
17 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
एमजीएम, टीएमएच सहित विभिन्न कोविड वार्ड से कुल 17 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अब तक कुल 17326 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।