Live Coronavirus Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम में तेजी से फैल रहा कोरोना का संक्रमण, कोल्हान में अबतक मिले 142 पॉजिटिव
LIVE Coronavirus Jamshedpur News Update. कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां अबतक 121 कोरोना पॉजिटिव मिले चुके हैं।
जमशेदपुर, जेएनएन। कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां अबतक 121 कोरोना पॉजिटिव मिले चुके हैं। वैसे कोल्हान में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 142 है। पश्चिमी सिंहभूम में अबतक 15 जबकि सरायकेला-खरसावां जिले में छह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले में एक जबकि पूर्वी सिंहभूम जिले में आठ नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सभी टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती करा दिए गए हैं। पूर्वी सिंहभूम में पाए गए मरीजों में एक बिष्टुपुर, दो बहरागोड़ा, एक गुड़ाबांधा, एक मुसाबनी, एक आजादनगर, एक हुरलुंग व एक बिहार के सिवान जिले का निवासी है। ये सभी प्रवासी मजदूर हैं। सभी विभन्न सरकारी क्वारंटाइन सेंटरों में रखे गए थे।
तमिलनाडु से आया था सरायकेला में मिला पॉजिटिव
सरायकेला- खरसावां में मिला मरीज 24 मई को तमिलनाडु के कांचीपुरम से राजनगर आया था। यही एक स्कूल में क्वारंटाइन किया गया था। जिले में अब कुल मरीजों की संख्या छह हो गई है।
कोरोना अपडेट-सरायकेला-खरसावां
- जिले में जांच किए गए सैम्पल की संख्या (सभी) - 2309
- पुनः जांच के लिए भेजे गए सैम्पल की संख्या - 04
- नेगेटिव पाए गए सैम्पल की संख्या- 1327
- पॉजिटिव पाए गए सैंपल की संख्या- 05
- अप्राप्त रिजल्ट की संख्या - (प्रतीक्षारत) - 977
- मंगलवार को कलेक्शन की गई सैंपल की संख्या - 54
- जिले में प्रखंड स्तरीय क्वॉरंटाइन सेंटर की संख्या - 12
- पंचायत स्तरीय क्वॉरंटाइन सेंटर की संख्या - 82
- क्वॉरंटाइन सेंटर में रखे गए लोगों की संख्या (सभी) - 1409
कोविड अस्पताल बनाने की कवायद हुई तेज
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के निर्देश पर महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाने की कवायद तेज हो गई है। यहां फिलहाल 100 बेड का आइसोलेशन वार्ड है लेकिन, उसे बढ़ाकर 200 बेड करने की तैयारी है। आगे यहां पर कोरोना पॉजिटिव मरीजों का भी इलाज करने की व्यवस्था करनी है। फिलहाल सिर्फ टीएमएच में ही पॉजिटिव मरीजों का इलाज हो रहा है। लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ने से दूसरी व्यवस्था भी करनी होगी। हालांकि, जिस नए भवन में 200 बेड लगाने का निर्देश स्वास्थ्य मंत्री ने दिया है उसमें अभी जगह खाली नहीं है। एमजीएम अधीक्षक ने 100 बेड के आइसोलेशन वार्ड की बेहतर देखरेख के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की है। इस कमेटी में डॉ. आरवाई चौधरी, डॉ. पी. सरकार, डॉ. बलराम झा, डॉ. वीके सिन्हा को शामिल किया गया है। यहां आइसोलेशन वार्ड में बेड खाली नहीं होने की वजह से कई बार मरीजों को वापस लौटना पड़ रहा है।
राजनगर के कटंगा पंचायत के एक गांव को किया गया सील
सरायकेला जिला के राजनगर प्रखंड के कटंगा पंचायत में एक कोरोना मरीज की पुष्टि के बाद संबंधित गांव को सील कर दिया गया है ओर आवाजाही की मनाही है। लोगों से उपायुक्त ने अपील की है कि प्रशासन के निर्देशों का ईमानदारी से पालन करें।