Live Coronavirus Jamshedpur : प्रवासी के साथ कोल्हान में कोरोना की इंट्री, फिर मिले छह पॉजिटिव
Live Coronavirus Jamshedpur. कोल्हान में प्रवासियों संग कोरोना की इंट्री जारी है। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जमशेदपुर, जासं। Live Coronavirus Jamshedpur कोल्हान में प्रवासियों संग कोरोना की इंट्री जारी है। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को भी छह नए मरीज मिले। इसमें दो चाकुलिया, दो बागबेड़ा, एक पटमदा व एक बहरागोड़ा निवासी हैं। सभी को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है।
चाकुलिया के दोनों मरीज को सोनाहातू पंचायत अंतर्गत जोड़ीसा कारंटाइन सेंटर में रखा गया था। दोनों मरीज महाराष्ट्र से 16 मई को चाकुलिया आए थे। वहीं बागबेड़ा के दो व पटमदा के एक मरीज को मानगो के सरकारी कारंटाइन सेंटर में रखा गया था। ये लोग भी एक सप्ताह पूर्व आए थे। वहीं, बहरागोड़ा स्थित धौलाबेड़ा गांव निवासी युवक महाराष्ट्र से 18 मई को लौटा था। उसके साध में और भी 26 मजदूर लौटे हैं। वे सभी पेटिंग का कार्य करने के लिए गए थे। वहां से आने के बाद सभी को घाटशिला प्रखंड के गालूडीह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी मरीजों का क्वारंटाइन सेंटर खाली कराया गया है।
जून में और बढ़ेगा संक्रमण
बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर झारखंड लौट रहे हैं। इनमें लगातार संक्रमण मिल रहा है। झारखंड में अब जो भी केस मिल रहे उनमें अधिसंख्य प्रवासी ही है। जून माह में संक्रमण काफी बढ़ने की संभावना है।
एमजीएम में 563 संदिग्ध की जांच
महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लेब में 563 कोरोना संदिग्ध मरीज जांच हुई। इसमें छह की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी पूर्वी सिंहभूम जिले के रहने वाले हैं। इनमें दो बागबेड़ा. दो चाकुलिया, एक पटमदा और एक बहरागोड़ा निवासी हैं। बाकी की रिपोर्ट निगेटिव आई। इसमें कोल्हान सहित प्रदेश के दूसरे जिले के रिपोर्ट भी शामिल है। इधर पूर्वी सिंहभूम जिले से कुल 261 संदिग्ध मरीजों का नमूना लिया गया। जिले से अबतक कुल 9514 लोगों का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 8 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, 36 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बाकी 1043 नमूने की जांच चल रही है।