प्रदेश अध्यक्ष के सामने कांग्रेसियों ने फिर किया हंगामा Jamshedpur News
प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश फिरोज पर भड़क गए। जिला के प्रभारी व प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश फिरोज पर भड़क गए।
जमशेदपुर (जासं)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव के सामने सोमवार को भी कांग्रेसियों ने हंगामा किया। उरांव सुबह करीब 9.30 बजे परिसदन से चाईबासा जाने के लिए निकल रहे थे, उसी समय पोर्टिको में फिरोज खान अपने समर्थकों के साथ खड़े थे।
उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से किनारे जाकर बात सुनने की इच्छा जतायी। यह कहते हुए जैसे ही फिरोज प्रदेश अध्यक्ष की ओर बढ़े, जिला के प्रभारी व प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश फिरोज पर भड़क गए। यह देख वहां मौजूद जम्मी भास्कर समेत अन्य लोगों ने फिरोज का हाथ पकड़कर रोकने की कोशिश की, तो बाकी कांग्रेसी भी फिरोज खान बरसने लगे।
आखिरकार प्रदेश अध्यक्ष ने ही माहौल को शांत कराया। बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि जीवंत पार्टी में यह सब होना स्वाभाविक है। हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है। इस मौके पर वहां पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद, रघुनाथ पांडेय, अजय सिंह, आदित्यपुर के जगदीश नारायण चौबे, अंबुज कुमार आदि भी थे, मामला शांत होने के बाद जिलाध्यक्ष बिजय खां भी पहुंच गए। ज्ञात हो कि रविवार को भी बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में प्रदेश अध्यक्ष की सभा के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू व पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता निकल गए थे।
इनके बाहर आते ही बलमुचू व बन्ना के समर्थक हॉल के बाहर नारेबाजी करने लगे। वे बिजय खां को जिलाध्यक्ष के पद से हटाने की मांग कर रहे थे। प्रदेश कांग्रेस में खींचतान का दौर लोकसभा चुनाव के बाद से अधिक हो गया है।