इस बार भी पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में लीड लें : रघुवर दास
रघुवर दास ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी लोकसभा चुनाव में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से सबसे ज्यादा भाजपा को मत मिले।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एग्रिको स्थित अपने आवास पर बैठक की। इसमें जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के कोर कमेटी की टीम शामिल थी। रघुवर दास ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी लोकसभा चुनाव में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से सबसे ज्यादा भाजपा को मत मिले। यह सुनिश्चित किया जाए। हर बूथ की समीक्षा की जाए और जहां भी कोई कमी मिले, उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कोर कमेटी के कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो के नामांकन के समय सभी मंडलों के प्रभारी अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ उपस्थित रहें। यह सुनिश्चित हो। बैठक में जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार, मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पवन अग्रवाल, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, भूपेंद्र सिंह, कमलेश सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। ज्ञात हो कि पिछले विधानसभा में भी जमशेदपुर लोकसभा में भाजपा को सर्वाधिक वोट जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से ही मिले थे।