क्राइम डायरीः साकची के काशीडीह में नौवीं के छात्र ने कर ली खुदकुशी, पढें जमशेदपुर में अपराध की खबरें
साकची के काशीडीह में नौंवी कक्षा के छात्र समीर यादव उर्फ सनी (16 वर्ष) ने खुदकुशी कर ली। उसे घर के लकड़ी के रेलिंग में फंदे से लटकता देख स्वजनों ने उसे उतारा इसके बाद एमजीएम अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता : साकची के काशीडीह में नौंवी कक्षा के छात्र समीर यादव उर्फ सनी (16 वर्ष) ने खुदकुशी कर ली। उसे घर के लकड़ी के रेलिंग में फंदे से लटकता देख स्वजनों ने उसे उतारा इसके बाद एमजीएम अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता राजू यादव साकची में एक कपड़ा दुकान में काम करते हैं।
स्वजनों की माने तो समीर गुस्सैल स्वभाव का था। छोटी-छोटी बात पर गुस्सा हो जाता था। मां से उसने खाना मांगा। देने में विलंब होने पर कमरे की ओर गया। फंदे से लटक गया। पुलिस की माने तो खुदकुशी का स्पष्ट कारण का पता नहीं चल पाया है।
यातायात सिपाही सड़क दुर्घटना में घायल
साकची यातायात थाना में पदस्थापित सिपाही सुरेश कुमार सिंह साकची गोलचक्कर पर सड़क हादसे में घायल हो गया। उसे सिर में गंभीर चोट लगी है। लोगों ने घायल को एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया। सिपाही बाइक से साकची यातायात थाना गोलचक्कर होते हुए जा रहा था। पीछे से आ रहे बाइक सवार ने उसके वाहन में टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। टक्कर मारने वाले वाहन की शिनाख्त को पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है।
मानगो के उलीडीह में जमीन कारोबारी ने युवक पर किया हमला
मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र शंकोसाई रोड नंबर पांच के निवासी रोहित कुमार पर रोहिन सिंह और अज्ञात तीन अन्य ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया जिसमें वह घायल हो गया। उसे एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया गया है। रोहित ने बताया कि गुरुवार की सुबह 10.30 बजे वह निजी कार्य से बालीगुमा की तरफ जा रहा था। रास्ते में जमीन कारोबारी रोहन सिंह ने साथियों के साथ घेर लिया। जानलेवा हमला कर दिया। धमकी देते हुए भाग निकले।
मानगो में काम कर रहा मजदूर गिरा, घायल
मानगो में पंप हाउस में काम कर रहा मजदूर अरबाज खान गिरने के कारण घायल हो गया। उसे साथियों ने एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया। उसने बताया कि वह मरम्मत का कार्य कर रहा था। बांस की चाली पर सवार होकर वह काम कर रहा था। अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया।