Child Drowned in Birsanagar: जमशेदपुर में पीएम आवास के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत
बिरसानगर थाना क्षेत्र में पीएम आवास के लिए खोदे गए गड्ढे ने बारिश में तालाब का रुप ले लिया है जहां नहाने में एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की पहचान बिरसानगर जोन संख्या दो बी निवासी विप्पल राहा के पुत्र विष्णु राहा के रूप में की गई।
जमशेदपुर, जासं। पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर थाना क्षेत्र में पीएम आवास के लिए गड्ढे ने बारिश में तालाब का रुप ले लिया है जहां नहाने में एक बच्चे की मौत हो गई। जिसकी पहचान बिरसानगर जोन संख्या दो बी निवासी विप्पल राहा के पुत्र विष्णु राहा के रूप में की गई।
विष्णु अपने साथियों के साथ बुधवार शाम खेलने की जानकारी देते हुए घर से निकला था। वह वापस घर नहीं लौटा। बिरसानगर थाना की पुलिस को स्थानीय लोगों से गड्ढे में शव मिलने की जानकारी गुरुवार सुबह मिली। पुलिस ने शव शिनाख्त कराने के लिए बच्चे के स्वजनों को बुलाया। संभवतः नहाने में वह पानी में डूब गया। वह पांच-भाई बहन है। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगाें का आरोप है कि पीएम आवास निर्माण के ठेकेदार की लापरवाही के कारण ऐसी घटना हुई। बड़े-बड़े गड्ढे खोद कर छोड़ दिए गए हैं जिसकी वजह से बारिश में गड्ढे में पानी भर गया है। बिरसानगर थाना की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बर्मामाइंस में घर में घुसकर भुुजाली से किया हमला, गिरफ्तार
बर्मामाइंस मिल्स एंड गोदाम एरिया के दीपू बस्ती में रितेश कुमार दास कोर जितेन पात्रो ने घर में घुसकर भुजाली से हमला कर घायल कर दिया। उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने मामले के आरोपित जितेन पात्रो को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ रितेश कुमार दास की शिकायत पर जान मारने की नीयत से हमला कर घायल करने की प्राथमिकी बर्मामाइंस थाना में दर्ज की गई है। उसने पुलिस को बताया कि घर में सो रहा था। आरोपित ने उस पर भुजाली से हमला कर दिया।
बागबेड़ा में वृद्ध की मौत
बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुट्टू सत्या भागवती अपार्टमेंट निवासी वृद्ध याेगेश राय की घर में मौत हो गई। इस मामले में बागबेड़ा थाना में अस्वाभाविक मौत की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।