Jamshedpur Chhath: सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की तर्ज पर उपलब्ध होगा छठ घाट
10 नवंबर को मंदिर का गेट दोपहर दो बजे खुलेगा। इसमें ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की तर्ज पर घाट उपलब्ध होगा। मंदिर परिसर में नौ नवंबर को आर्थिक रूप से कमजोर 500 व्रतधारियों के बीच सुबह 10 बजे से निश्शुल्क पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा।
जासं, जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर में छठ की तैयारी जोर-शोर से हो रही है। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के समर्थकों ने संवाददाता सम्मेलन किया, जिसमें बताया गया कि 10 नवंबर को मंदिर का गेट दोपहर दो बजे खुलेगा। इसमें ‘पहले आओ-पहले पाओ’ की तर्ज पर घाट उपलब्ध होगा। मंदिर परिसर में नौ नवंबर को आर्थिक रूप से कमजोर 500 व्रतधारियों के बीच सुबह 10 बजे से निश्शुल्क पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा।
इस बीच सूर्य मंदिर तालाब समेत पूरे मंदिर परिसर में पेंटिंग एवं सफाई का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। तालाब की सफाई के बाद तालाब की सतह पर खूबसूरत पेंटिंग की जा रही है। तालाब के अंदर व बाहर लाइटिंग इंद्रधनुषी छटा बिखरेगी। मंदिर परिसर में आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है। मंदिर को रंगबिरंगे फूलों से सजाया जायेगा। मंदिर के स्वयंसेवक छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं की सेवा में सक्रिय रहेंगे। संवाददाता सम्मेलन को गुंजन यादव, अखिलेश चौधरी, संजय सिंह, विनय शर्मा, शशिकांत, दीपक विश्वास, विश्वनाथ सरकार आदि उपस्थित थे।
छठ पर्व में पूजन सामग्री का निश्शुल्क वितरण करेगा तैलिक साहू समाज
छठ महापर्व के दौरान पूजन सामग्री का निश्शुल्क वितरण करेगा तैलिक साहू समाज। इस संबंध में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश साहू की अध्यक्षता में साकची गांधी घाट में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि छठ पर्व के अवसर पर जरूरतमंदों के बीच रविवार से छठ पूजन सामग्री का निश्शुल्क वितरण किया जाएगा। बैठक का संचालन जिला कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार ने किया। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार समाज द्वारा रविवार 7 नवंबर को साकची गोलचक्कर पर 11 बजे लौकी वितरण, 9 नवंबर मंगलवार को साकची गोलचक्कर पर सूप वितरण, छठ पूजा सामग्री तथा 10 नवंबर बुधवार को दोपहर 2 बजे मानगो घाट में गाय का दूध, दातुन, सिंदूर, कपूर एवं 11 नवंबर गुरुवार की सुबह 6 बजे छठ व्रतधारियों के बीच बिस्कुट-चाय का वितरण किया जायेगा। बैठक में जिला उपाध्यक्ष रंजीत कुमार साव, संजय शाह, पप्पू साहू, पिंटू साहू, अशोक साहू, नीरज साव, भगवान साव, टिंकू साव आदि उपस्थित थे।