जेल में कैदी की हत्या में चार कक्षपाल समेत 17 बंदियों पर आरोप पत्र दाखिल Jamshedpur News
घाघीडीह सेंटर जेल में अखिलेश सिंह और पंकज दुबे के गुर्गे भिड़ गए थे। इस दौरान एक कैदी की मौत हो गई थी। इस मामले में चार कक्षपाल समेत 17 बंदियों पर आरोप पत्र दाखिल हुआ है।
जमशेदपुर, जासं। घाघीडीह सेंट्रल जेल में 25 जून को कैदियों के बीच हुए खूनी संघर्ष में सजायाफ्ता कैदी मनोज सिंह की मौत के मामले में जेल के चार कक्षपाल समेत 17 कैदियों के खिलाफ परसुडीह थाने की पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। पुलिस ने घटना के सबूत के तौर पर मामले की सीसीटीवी फुटेज,13 लाठी और ईंट पत्थर पेश किए हैं।
हत्या की प्राथमिकी जेल अधीक्षक सत्येंद्र चौधरी की शिकायत पर परसुडीह थाने में दर्ज की गई थी। आरोप था मनोज की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है और सात बंदियों पर जानलेवा हमला किया गया है। पुलिस ने मामले में जेल के कक्षपाल पंकज मंडल, राम प्रसाद चौधरी, संतोष एवं अनिल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं संविदा पर रखे गए कक्षपल पुरुचिया मुंडा और अविनाश कुमार को जेल प्रशासन ने बर्खास्त कर दिया था।
दहेज हत्या में सजायाफ्ता था मनोज
मनोज सिंह दहेज हत्या में सजायाफ्ता था। वो टेल्को मनिफिट का रहने वाला था। दूसरी तरफ, सजायाफ्ता बंदी पंकज दुबे पर जानलेवा हमला करने वाले नौ विचाराधीन और एक सजायाफ्ता बंदी समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जेल में भिड़ गए थे कैदी
25 जून की शाम को जेल में टेलीफोन बूथ पर बातचीत करने को लेकर अखिलेश सिंह और पंकज दुबे के गुर्गो के बीच मारपीट हो गई थी। कैदियों के बीच मारपीट होने के बाद पगली घंटी बजा दी गई। इसके बाद सजायाफ्ता बंदियों और जेलकर्मियों द्वारा लाठी-डंडे से मारपीट कर कैदी मनोज सिंह को घायल कर दिया गया था। बाद में उसकी मौत हो गई।
पंकज दुबे से मारपीट और हत्या की नीयत से हमला करने वाले बंदी
मनोज सिंह (मारा गया), विचाराधीन बंदी हरिश सिंह, ऋषि लोहार, अविनाश श्रीवास्तव, सोनू लाल, सुमित सिंह, अजीत दास, तौकिर, सौरभ सिंह, शोएब अख्तर उर्फ शिबू एवं अन्य।
मनोज पर लाठी चलाने वाले इन आरोपितों पर आरोप पत्र दाखिल
वासुदेव महतो, श्रीराम, गंगा खडैत, अरुण कुमार बोस, रमाय करुवा, जानी अंसारी, अजय मल्लाह, गोपाल तिरिया, पिंकू पूर्ति, श्यामू जोजो, संजय दिग्गी, रामराय सुरीन, शिवशंकर पासवान, शरत गोप, कक्षपाल अनिल कुमार और पंकज मंडल, राम प्रसाद, संतोष कुमार।