Coronavirus News: आसनसोल से टाटानगर स्टेशन पहुंचे दो कोरोना पॉजिटिव फरार, मची अफरातफरी
झारखंड के टाटानगर स्टेशन पर उस समय अफरातफरी मच गयी जब आसनसोल से पहुंचा दो कोरोना पाॅजिटिव यात्री भाग निकला। कोरोना मरीजों को ढूंढने में जिला सर्विलांस विभाग का पसीना छूटा। दोनों मरीज को एमजीएम में भर्ती कराया गया ।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : टाटानगर स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। इसकी वजह बने दो कोरोना पॉजिटिव मरीज, जो पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम को चकमा देकर फरार हो गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों मरीज के मोबाइल नंबर पर फोन किया तो बंद मिला। इससे स्थिति और भी विकट हो गई। इसके बाद स्थानीय थाना को सूचित किया गया। इसके साथ ही दोनों मरीजों द्वारा दिए गए पते को ट्रेस किया गया।
इसमें एक महिला मरीज साकची की रहने वाली है, जबकि दूसरा पुरुष मरीज सोनारी का रहने वाला है। दोनों के घर जिला सर्विलांस विभाग की टीम पहुंची और एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। दरअसल, आसनसोल-टाटा इंटरसिटी ट्रेन से यात्री उतरे थे। तभी सभी यात्रियों की जांच हो रही थी। इस दौरान तीन यात्री पॉजिटिव मिले। इसमें एक यात्री को एमजीएम भेजा गया। वहीं, दो यात्री गायब मिले।
लापरवाही से बढ़ सकता है संक्रमण
जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ. साहिर पॉल ने कहा कि अगर इस तरह से लोग लापरवाही बरतेंगे तो संक्रमण फैलने में देर नहीं लगेगा। दोनों मरीजों को ढूंढने में विभाग को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोई भी व्यक्ति अगर संक्रमित मिलता है तो उसे खुद आइसोलेट हो जाना चाहिए। ताकि उसका घर-परिवार, समाज व अन्य लोग सुरक्षित रहे। कोरोना वायरस एक से दूसरे व्यक्ति में तेजी से फैलता है। ऐसे में विभाग का सहयोग करें। तभी कोरोना पर काबू पाया जा सकता है। कोरोना वायरस अभी गया नहीं है।