दो माह में मिलेगी चांडिल डैम के विस्थापितों को विकास पुस्तिका
संसू चांडिल ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने सुवर्ण रेखा डैम विस्थापितों की समस्याओं के निदान
संसू, चांडिल : ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने सुवर्ण रेखा डैम विस्थापितों की समस्याओं के निदान के लिए जल संसाधन विभाग के पदाधिकारियों के साथ अनुमंडल कार्यालय में बैठक की। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी रंजीत लोहरा, जल संसाधन विभाग की संयुक्त सचिव रंजना मिश्रा, अधीक्षण अभियंता गोपाल, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल थे। विधायक ने विस्थापितों की पुनर्वास, विकास पुस्तिका, लंबित मुआवजा का भुगतान, विस्थापित को भू स्वामित्व का पट्टा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने हिदायत देते हुए कहा आदत सुधारिए और विस्थापितों की समस्याओं का अविलंब समाधान कीजिए। जल संसाधन विभाग की संयुक्त सचिव रंजना मिश्रा ने विस्थापितों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दो माह के भीतर सभी विस्थापित जिनकी विकास पुस्तिका नहीं है उन्हें चिन्हित कर दे दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पुनर्वास स्थलों में अतिक्रमण भूमि की सूची बना कर भूखंड अवैध कब्जा हटाया जयेगा। मौके पर 25 विस्थापितों के बीच विकास पुस्तिका का वितरण किया गया।
पद कटौती के खिलाफ कर्मचारी संघ ने निकाला रैली
संसू, आदित्यपुर : जल संसाधन विभाग में तृतीय व चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के पद कटौती के साथ ही कर्मचारियों की प्रोन्नति पर रोक लगाए जाने के खिलाफ कर्मचारियों में नाराजगी है। इस बाबत सोमवार को झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने सुर्वणरेखा कालोनी से प्रशासक कार्यालय तक पैदल मार्च किया। इस दौरान कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय सचिव के नाम मांग पत्र प्रशासक को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के दोनों आदेश को रद करने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। कर्मचारियों के मार्च में ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह भी शामिल हुए। मार्च में राजाराम सिंह, संघ के अध्यक्ष विमल कुमार सिंह, पीसी गौराई, अंजनी सिन्हा, प्रणव शंकर, सुधीर किस्कू, मधुसुदन, मान सिंह कुटिया आदि उपस्थित थे।