छेड़छाड़ की आशंका से भागते स्ट्रांग रूम पहुंचे चंपई
जमशेदपुर लोकसभा चुनाव का स्ट्रांग रूम जमशेदपुर को-आपरेटिव कालेज में बनाया गया है जहां पूरे क्षेत्र के ईवीएम व वीवी पैट रखे गए हैं।
जासं, जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकसभा चुनाव का स्ट्रांग रूम जमशेदपुर को-आपरेटिव कालेज में बनाया गया है, जहां पूरे क्षेत्र के ईवीएम व वीवी पैट रखे गए हैं। स्ट्रांग रूम की निगरानी अर्द्धसैनिक बल के जवान कर रहे हैं, जबकि बाहर झामुमो व भाजपा के कार्यकर्ता शिविर लगाकर खुद निगरानी कर रहे हैं। इसके बावजूद शुक्रवार को तब अफरातफरी मच गई, जब महागठबंधन (झामुमो) के प्रत्याशी चंपई सोरेन भागते हुए स्ट्रांग रूम पहुंचे। बेरिकेडिंग के बाहर कार से उतर कर तेजी से चंपई प्राचार्य कक्ष की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक अंदर से उपायुक्त अमित कुमार समेत जिला प्रशासन के तमाम अधिकारी निकल रहे थे। चंपई वहीं से लौट गए। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि कार्यकर्ताओं से दोपहर करीब एक बजे सूचना मिली कि डीसी, डीडीसी, एसडीओ समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी स्ट्रांग रूम की ओर गए हैं। उन्हें आशंका हुई कि प्रशासन ऐसा क्यों कर रहा है। नियम के मुताबिक उम्मीदवारों को सूचित किए बिना स्ट्रांग रूम में कोई नहीं जा सकता। हालांकि डीसी ने बताया कि वे मतगणना की व्यवस्था देखने आए थे, ताकि 23 मई को कोई व्यवधान नहीं हो। चंपई ने कहा कि फिलहाल कहीं शिकायत करने नहीं जा रहे हैं, लेकिन एकबार फिर डीसी से बात करके संतुष्ट होंगे। इस बीच को-आपरेटिव कालेज परिसर में महागठबंधन के सहयोगी दलों के नेता भी पहुंच गए थे, जिनमें झामुमो नेता प्रमोद लाल, राजू गिरि, श्यामल सरकार, झाविमो से जटाशंकर पांडेय, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नट्टू झा, आनंद बिहारी दुबे, राजद जिलाध्यक्ष अंबिका बनर्जी आदि शामिल थे।
----------------
तब प्रशासन के लोग झामुमो को ठीक लगे थे : भाजपा
स्ट्रांग रूम में चंपई सोरेन सहित महागठबंधन नेताओं के पहुंचने की खबर सुनकर भाजपा के महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार भी वहां पहुंच गए। दिनेश ने कहा कि महागठबंधन अब हार का बहाना ढूंढ रहा है। प्रशासन के लोग झामुमो को तब ठीक लगे थे, जब चंपई सोरेन ने झूठा हलफनामा दाखिल किया था। प्रशासन ने उन्हें सुधारने का अवसर दिया, वरना नामांकन ही रद हो जाता। दिनेश ने एक बार फिर दोहराया कि जमशेदपुर से भाजपा दो लाख वोट से जीतेगी। स्ट्रांग रूम में गड़बड़ी या छेड़छाड़ कैसे हो सकती है, जब चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। बाहर झामुमो के कार्यकर्ता डटे हुए हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप