मानगो टीचर्स कॉलोनी में 25 साल बाद बांस के स्थान पर लगाए गए सीमेंट के पोल Jamshedpur News
25 साल से लोग बांस के खंभे के माध्यम से बिजली का उपयोग कर रहे थे। लोग भय के साए में जी रहे थे। शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग ध्यान नहीं दे रहा था। भाजपा नेता विकास सिंह के प्रयास ने रंग दिखाया और समस्या दूर हो गई।
जमशेदपुर, जासं। मानगो टीचर्स कॉलोनी में बांस के पोल के स्थान पर सीमेंट के पोल लगाए गए। इस महत्वपूर्ण काम के लिए स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर टीचर्स कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि मानगो टीचर्स कॉलोनी के नाला किनारे के दर्जनों घर में बांस के खंभे के माध्यम से बिजली का करंट प्रवाहित होता था। विगत दिनों तार के आपस में टकराने के कारण घरेलू उपकरण जल गए थे।
लोगों ने भजपा नेता विकास सिंह को बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। जानकारी मिलते ही भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और कार्यपालक विद्युत अभियंता विशाल कुमार व सहायक अभियंता को बांस के खंभे हटाकर जल्द से जल्द सीमेंट का पोल लगाने के लिए कहा था। कार्यपालक विद्युत अभियंता ने जांच कराकर आम जनता की मांग को तत्काल जांच करवाया। जांच में सही पाए जाने पर पोल लगाने का आदेश संवेदक को दिया। इसके बाद रविवार को ग्यारह पोल लगाकर केबलिंग का काम बिजली विभाग द्वारा कराया गया।
भय के साए में जी रहे थे लोग
लोगों ने बताया कि 25 साल से लोग बांस के खंभे के माध्यम से बिजली का उपयोग कर रहे थे। लोग भय के साए में जी रहे थे। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभागन ध्यान नहीं दे रहा था। भाजपा नेता विकास सिंह के प्रयास ने रंग दिखाया और 25 वर्ष पुरानी समस्या का समाधान हो गया। इस अवसर पर भाजपा नेता विकास सिंह ने नए लगाए गए सीमेंट पोल के पास नारियल फोड़ा और एक दूसरे को लड्डू खिलाकर धन्यवाद दिया। इस मौके में मुख्यरूप से गुलटेन सिंह, एमएम गुप्ता, सोनू पाण्डेय, रविन्द्र सिंह, मिथुन पाल, विकास मिश्रा, छाया घोष, राम सिंह, मनोज ओझा आदि उपस्थित थे।