Jharkhand Assembly Election 2019 : ये मुलाकात तो कुछ कहती है, मुख्यमंत्री से मिले हुसैनाबाद के बसपा विधायक Jamshedpur News
एकबारगी लंबा सफर तय कर जमशेदपुर आना और मुख्यमंत्री से मिलना कयासों को बल दे गया। यह बात अलग है कि बसपा विधायक इसे सामान्य मुलाकात बता गए।
जमशेदपुर, जासं। चुनाव का मौसम और पालाबदल का दौर। ऐसे में यह मुलाकात कयासों को बल दे गया। हालांकि, इसे सामान्य मुलाकात बताया गया। दीपावली के दिन हुसैनाबाद (पलामू) के बसपा विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता रविवार को जमशेदपुर आए थे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की। करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में मिलकर मेहता निकल गए।
जब सीएम आवास पर पत्रकारों ने उनसे पूछा तो बताया कि अनौपचारिक मुलाकात थी। बस मुख्यमंत्री को दिवाली की बधाई देने आए थे, लेकिन उनके जाने के बाद से अटकलों का बाजार गर्म है। कहा जा रहा है कि चुनाव के पहले मेहता भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले भी कई दलों के विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं, लेकिन मेहता की चर्चा नहीं हो रही थी। इस मुलाकात ने इस बात को हवा दे दी है कि भाजपा के 65 प्लस अभियान में शिवपूजन मेहता का योगदान हो सकता है।
डेढ घंटे रहे शहर में
बहरहाल, मेहता शहर में करीब डेढ़ घंटे तक रहे। वे शाम सात बजे मुख्यमंत्री के एग्रिको स्थित आवास पहुंचे थे, लेकिन उस वक्त मुख्यमंत्री परिवार के साथ घर में दीपावली का पूजन कर रहे थे। पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने शिवपूजन मेहता के साथ घर में बुलाया, तो एक कमरे में करीब आधे घंटे तक दोनों की बातचीत हुई। मेहता के साथ सिर्फ उनके अंगरक्षक थे।