Brutal Murder in Chaibasa: 15 हजार रुपए के लिए रिश्ते का कत्ल, बड़े भाई को चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट
Brutal Murder in Chaibasa झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर थाना अंतर्गत गुमुरिया गांव के तालासाही टोला में भाई-भाई में झगड़ा हो गया। फलस्वरूप भाई लक्ष्मण दोराईबुरू (21) ने अपने बड़े भाई अंकुरा दोराईबुरु (26) की चाकू से गोद कर हत्या कर दी।
जैंतगढ़ (पश्चिमी सिंहभूम), जासं। झारखंड के कोल्हान प्रमंडल के पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर थाना अंतर्गत गुमुरिया गांव के तालासाही टोला में रविवार की रात में भाई-भाई में झगड़ा हो गया। फलस्वरूप भाई लक्ष्मण दोराईबुरू (21) ने अपने बड़े भाई अंकुरा दोराईबुरु (26) की चाकू से गोद कर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि अंकुरा ने छोटे भाई लक्ष्मण को 15 हजार रुपये बैल खरीदने को दिए थे। लक्ष्मण बैल खरीद कर घर लाया था। सामूहिक परिवार होने के कारण लक्ष्मण अपने भाई अंकुरा से बराबर बाइक खरीद देने की जिद करता था। रविवार रात आठ बजे दोनों कहीं से विवाह समारोह में शामिल होकर एक साथ आए। दोनों ने नशा कर रखा था। घर पहुंचते ही लक्ष्मण बाइक की जिद लेकर बैठ गया। बहस बढ़ने लगी तो लक्ष्मण ने कहा- ''कल हम बैल बेच कर बाइक खरीद लेंगे''। इस पर अंकुरा ने मना किया तो धारदार चाकू से लक्ष्मण ने अंकुरा पर कई बार चाकू से वार किए। इसके बाद भाई को लहूलुहान कर लक्ष्मण कहीं भाग गया।
लाॅकडाउन के कारण इलाज के लिए नहीं मिली चंपुआ जाने की इजाजत
परिजन आनन-फानन में अंकुरा को लेकर अस्पताल को निकल पड़े। यहां से चंपुआ अस्पताल की दूरी मात्र सात किलोमीटर है। क्षेत्र के लोग यही इलाज कराते हैं। पर लॉकडाउन होने के कारण सीमा सील थी। इन्हें जाने नहीं दिया गया तो मजबूरन ये 30 किमी दूर जगन्नाथपुर को निकल पड़े। परिजनों ने बताया कि अंकुरा की सांसे उखड़ रही थी। उसे ऑक्सीजन की सख्त जरूरत थी पर इसकी व्यवस्था नहीं हो सकी। जब परिजन अंकुरा को लेकर जगन्नाथपुर अस्पताल पहुंचे तो वहां डॉक्टर नहीं थे। डॉक्टर के पहुंचने से पहले ही अंकुरा की मौत हो गयी। इसके बाद परिवार वाले शव को लेकर वापस गुमुरिया लौट आए।
इधर, घटना की अगली सुबह यानि सोमवार को लक्ष्मण तुरली के मानकी दीपक लागुरी के घर पहुंचा और खुद को पुलिस के समक्ष सरेंडर करने की बात कही। मानकी उसे लेकर जैंतगढ़ पुलिस आउट पोस्ट पहुंचे एवं पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना की पूरी जानकारी दी। खबर पाकर जगन्नाथपुर थाना के एएसआई सह जैंतगढ़ आउट पोस्ट प्रभारी जॉनी कुमार ने मृतक की पत्नी मनीषा दोराईबुरु के बयान पर केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।