Jamshedpur News: दुर्घटना से कट गए महिला के दोनों पैर, नम्या फाउंडेशन ने बढ़ाया मदद का हाथ
टेल्को कॉलोनी से सटे तार कंपनी के पुराने क्वार्टर में लाचार जीवन गुजार रही 63 वर्षीय क्रिश्चियन महिला रोमाला पूर्ति की मदद को नम्या फाउंडेशन ने मदद का हाथ बढ़ाया है। रोमाला पूर्ति के दोनों पांव एक दुर्घटना में कट चुके हैं।
जमशेदपुर, जासं। टेल्को कॉलोनी से सटे तार कंपनी के पुराने क्वार्टर में लाचार जीवन गुजार रही 63 वर्षीय क्रिश्चियन महिला रोमाला पूर्ति की मदद को नम्या फाउंडेशन ने मदद का हाथ बढ़ाया है। अंकित आनंद ने ट्वीट कर बताया था कि रोमाला पूर्ति और उनकी बेटी अत्यंत ही ग़रीबी के हालात से जूझ रही हैं।
63 वर्षीय महिला के दोनों पांव एक दुर्घटना में कट चुके हैं। दिव्यांग अवस्था में आजीविका अर्जित करने में भी अत्यंत कठिनाई हो रही है। चक्के लगे एक छोटे टेबल पर बैठकर महिला क्वार्टर के एक कमरे से दूसरे कमरे में जाती है। वहीं किसी ने सहयोग करते हुए बहुत पहले एक व्हीलचेयर भी मुहैया कराया था। रोमाला पूर्ति ने कॉल कर के अंकित आनंद से मदद मांगी थी। उन्होंने बताया था कि लॉकडाउन से बुरी तरह से प्रभावित हैं। पैसों के अभाव में बच्ची की पढ़ाई ठप्प हो चुकी है और घर के राशन पर भी आफ़त है। आजीविका का कोई साधन ना होने की वजह से अत्यंत चुनौतीपूर्ण जीवन जीने को विवश हैं।
एक महीने के राशन का प्रबंध
इस पर संज्ञान लेते हुए ट्वीट के माध्यम से जिला प्रशासन, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी एवं उनकी संस्था नम्या फाउंडेशन सहित भाजपा नेता दिनेश कुमार का ध्यानाकर्षित करते हुए समाज के अन्य सक्षम लोगों से भी मदद का अनुरोध किया गया। इस ट्वीट पर पहल करते हुए नम्या फाउंडेशन की सदस्य निधि केडिया ने रोमाला पूर्ति के लिए मदद का हाथ बढ़ाया और तत्काल एक महीने का राशन और एक सप्ताह के लिए सब्जियों का प्रबंध कर दिया। सहयोग का उद्देश्य जानकर खड़ंगाझार के राशन दुकानदार कवींद्र सेन ने भी अपने व्यक्तिगत स्तर से मदद की। राशन सामग्री लेकर नम्या फाउंडेशन के युवा सदस्य हृतिक चौबे, शुभम पांडेय गर्ग एवं रोहित यादव महिला के घर पहुंचे और उनकी समस्या से अवगत हुए। नम्या फाउंडेशन के सदस्यों को रोमाला पूर्ति की बेटी रिमझिम पूर्ति ने बताया कि वह सुंदरनगर के सेंट जूड्स स्कूल में छठी कक्षा की स्टूडेंट थी।