टाटा मोटर्स में 12.9 फीसद बोनस, 306 कर्मचारी होंगे स्थायी Jamshedpur News
टाटा मोटर्स में बुधवार को ग्रेड रिविजन और बोनस समझौता मुकम्मल हो गया।कर्मचारियों को 12.9% बोनस पर अंतिम मुहर लगी है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। आर्थिक मंदी के दौर में भी टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन ने एक साथ बेहतर ग्रेड रिवीजन समझौता व बोनस कर नया इतिहास रचा है। उपश्रमायुक्त राकेश प्रसाद, वाइस प्रेसिडेंट एबी लाल की उपस्थिति में कंपनी में तीन वर्षो के लिए ग्रेड रिवीजन का त्रिपक्षीय समझौता हुआ है।
इसमें कर्मचारियों के कुल वेतन में 8500 रुपये (सभी भत्तों सहित 15,350 रुपये) बढ़ोतरी हुई है। कुल राशि का कर्मचारियों को पहले वर्ष में 75 फीसदी, दूसरे वर्ष में 15 फीसदी व तीसरे वर्ष में 10 फीसदी के आधार पर मिलेगा। वहीं, पिछली बार के 12.2 प्रतिशत बोनस से 0.70 प्रतिशत अधिक 12.9 फीसदी बोनस मिलेगा। इसमें कर्मचारियों को न्यूनतम 19 हजार, अधिकतम 49 हजार जबकि औसतन 38 हजार 200 रुपये बोनस मिलेगा। इसके अलावे 306 बाई-सिक्स कर्मचारियों का स्थायीकरण भी होगा। जबकि पिछली बार 305 बाइ-सिक्स स्थायी हुए थे।
शानदार बोनस पर स्वागत
शानदार बोनस व ग्रेड रिवीजन समझौते बाद टाटा मोटर्स गेट से लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय तक पूरे रास्ते अध्यक्ष गुरमीत सिंह व महामंत्री आरके सिंह का स्वागत विजेता के रूप में हुआ। ढोल-नगाड़ों के बीच कर्मचारियों ने अबीर-गुलाल व फूलों की माला से दोनो नेताओं का स्वागत किया। कर्मचारियों को बोनस का पैसा एक सप्ताह में जबकि छह माह का एरियर उन्हें अक्टूबर माह के वेतन के साथ मिलेगा।
एक नजर में
- टाटा मोटर्स में 12.9 प्रतिशत बोनस व 306 का हुआ स्थायीकरण
- तीन वर्षो के लिए ग्रेड रिवीजन समझौता 31 मार्च 2022 तक प्रभावी
- बाइ-सिक्स कर्मचारियों के लिए बना जेओ ग्रेड, प्रारंभिक वेतन 39 हजार रुपये
- 5500 स्थायी व 4500 बाइ-सिक्स कर्मचारियों को मिलेगा बोनस का पैसा
- बाइ-सिक्स कर्मचारियों को उनके बेसिक का 8:33 फीसदी मिलेगा बोनस
- बाइ-सिक्स कर्मचारियों के बेसिक में 3000 रुपये की हुई मासिक बढ़ोतरी