25 को होगी निश्शुल्क एंजियोग्राफी व फेको सर्जरी
संवाद सहयोगी, जमशेदपुर : ब्रह्मानंद सेवा सदन ट्रस्ट की ओर से 25 अक्टूबर को ब्रह्मानंद जी का जन्मोत्
संवाद सहयोगी, जमशेदपुर : ब्रह्मानंद सेवा सदन ट्रस्ट की ओर से 25 अक्टूबर को ब्रह्मानंद जी का जन्मोत्सव मनाया जायेगा। इस अवसर पर ब्रह्मानंद अस्पताल व पूर्णिमा नेत्रालय में दर्जनों मरीजों की निश्शुल्क सर्जरी होगी। वहीं कदमा स्थित ब्रह्मालोकधाम में सुबह छह बजे से रात के नौ बजे तक पूजा-पाठ का कार्यक्रम रखा गया है। यह जानकारी शुक्रवार को ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी मोनू भंट्टाचार्य ने ब्रह्मानंद अस्पताल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। मोनू भंट्टाचार्य ने बताया कि जन्मोत्सव के दिन ब्रह्मानंद में कुल 10 मरीजों की एंजियोग्राफी व पूर्णिमा नेत्रालय में कुल 21 मोतियाबिंद मरीजों की फेको सर्जरी की जाएगी। इसके साथ ही ओपीडी पूरी तरह से निश्शुल्क होगा। उन्होंने लोगों से ओपीडी का लाभ अधिक से अधिक उठाने की अपील की। वहीं ब्रह्मानंद अस्पताल के फैसिलिटी डायरेक्टर प्रतीक जैन ने कहा कि गरीब मरीजों के लिए अस्पताल सहित आस-पास के क्षेत्रों में प्रति माह शिविर आयोजित किया जाता रहा है। उन्होंने जल्द ही कैंसर यूनिट स्थापित करने की भी बात कही। कार्डियक सर्जन डॉ. परवेज आलम ने कहा कि अबतक कुल 1700 हार्ट के ओपन सर्जरी की गई है। इसका सक्सेस रेट 97.2 फीसद है। यहां सर्जरी कराने के लिए देशभर से लोग आते है। इनमें उत्तरप्रदेश, ओडिशा, बिहार सहित अन्य राज्यों के लोग शामिल हैं। संवाददाता सम्मेलन में पूर्णिमा नेत्रालय के चीफ मेडिकल ऑफिसर मोनिका होरो, रामावतार पुरोहित सहित अन्य उपस्थित थे।