विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अब ताकत झोंकेगी भाजपा, आज से सीएम करेंगे मंडलों में प्रवास
मुख्यमंत्री शिक्षक दिवस के दिन से कार्यकर्ताओं को सांगठनिक एवं चुनावी रणनीति के मंत्र देंगे। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मंडलों की कमान मुख्यमंत्री रघुवर दास स्वयं संभालेंगे।
जमशेदपुर, जासं। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत गुरुवार से पार्टी के प्रवास कार्यक्रम की शुरुआत होगी। विभिन्न मंडलों में पार्टी के वरीय नेता और निर्वाचित जनप्रतिनिधि भी प्रवास कर कार्यकर्ताओं संग बैठक लेंगे। गुरुवार को जमशेदपुर में सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास प्रवास करेंगे। मुख्यमंत्री का शहर में अगले तीन दिनों तक कार्यक्रम निर्धारित है।
मुख्यमंत्री शिक्षक दिवस के दिन से कार्यकर्ताओं को सांगठनिक एवं चुनावी रणनीति के मंत्र देंगे। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सभी मंडलों की कमान मुख्यमंत्री रघुवर दास स्वयं संभालेंगे। पांच सितंबर की शाम मुख्यमंत्री बारीडीह मंडल की बैठक में शामिल रहेंगे। शुक्रवार को सुबह से शाम तक गोलमुरी, साकची पूर्वी, बिरसानगर एवं टेल्को मंडलों की बैठक में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। सात सितंबर को भी बर्मामाइंस एवं सीतारामडेरा मंडलों की बैठक निर्धारित है, जिसमें मुख्यमंत्री शामिल रहेंगे।
ये नेता भी करेंगे प्रवास
मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री अजरुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो, मंत्री सरयू राय, सांसद संजय सेठ, समीर उरांव, जमशेदपुर भाजपा के प्रभारी सत्येंद्र कुमार, प्रदेश चुनाव संचालन समिति के संयोजक मनोज कुमार सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद का भी मंडलों में प्रवास कार्यक्रम निर्धारित है। यह जानकारी भाजपा के जिला प्रवक्ता अंकित आनंद ने दी। मुख्यमंत्री गुरुवार की शाम को 5.50 बजे जमशेदपुर पहुंचेंगे और पहले दिन बारीडीह मंडल में प्रवास करेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जोश भरेंगे।