Lok Sabha Election 2019 : भाजपा ने कहा दो लाख से जीत रहे, चंपई का दावा एक लाख से जीत का
जमशेदपुर संसदीय सीट के लिए रविवार को मतदान समाप्त होने के बाद मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा व झामुमो ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। जमशेदपुर संसदीय सीट के लिए रविवार को मतदान समाप्त होने के बाद मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाजपा व झामुमो ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। मतदान के बाद देर शाम भारतीय जनता पार्टी ने एनडीए प्रत्याशी विद्युत वरण महतो की जीत का दावा करते हुए भाजपा के जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदान प्रतिशत यह इशारा कर रहा है कि विद्युत वरण महतो प्रचंड बहुमत से जीतेंगे। लगभग दो लाख वोट से जीत की संभावना है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रबल विश्वास जताकर पुन: विद्युत वरण महतो को विजयी बनाने के उद्देश्य से मतदान किया है। कई बूथों पर हुए हिंसक घटनाएं भी महागठबंधन में शामिल पार्टियों की निराशा साफ झलक रही है। ग्रामीण क्षेत्र हो या शहर विद्युत वरण महतो हर विधानसभा में अव्वल रहेंगे।
उधर, महागठबंधन से झामुमो प्रत्याशी चंपई सोरेन ने बताया कि जमशेदपुर लोकसभा सीट पर उनकी जीत सुनिश्चित है। उन्होंने एक लाख से अधिक मतों से जीत का दावा करते हुए कहा कि पूरे संसदीय क्षेत्र में मजदूर, किसान, ठेलेवालों, खोमचेवालों, किसान के साथ ही आम लोग हमारे समर्थन में हैं। हमारी जीत सुनिश्चित है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप