भाजपा ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी, 1885 बूथों की हुई समीक्षा
लोकसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। लोकसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित सोन मंडप में हुई लोकसभा स्तरीय संगठनात्मक बैठक में सभी छह विधानसभा के 1885 बूथों की समीक्षा की गई।
बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि लोकसभा चुनाव के दौरान जिन बूथों में पार्टी का प्रदर्शन खराब था, वहां मेहनत करें। पार्टी ने झारखंड में 65 प्लस का लक्ष्य निर्धारित किया है इसलिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएं। उन्हें योजनाओं के विषय पर जानकारी दें। बैठक में तय हुआ कि लोकसभा चुनाव में भाजपा के बंपर जीत के लिए मतदाताओं और पार्टी समर्थकों को धन्यवाद देने के लिए मंडल स्तर पर आभार यात्रा निकाली जाएगी।
योग दिवस में भागीदारी के निर्देश
साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी भाजपा कार्यकर्ता बढ़-चढ़ कर शिरकत कर आयोजन को सफल बनाएं। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार जबकि संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी ने किया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य सह जमशेदपुर लोकसभा प्रभारी समीर उरांव, स्थानीय सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक मेनका सरदार, लक्ष्मण टुडू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, राजेश कुमार शुक्ला, मुरलीधर केडिया, चंडी चरण साव, अनिल सिंह, राजकुमार सिंह, नंद जी प्रसाद, पवन अग्रवाल, कमलेश सिंह, मिथलेश सिंह यादव, देवेंद्र सिंह, समीर मोहंती, बबलू प्रसाद, मुकुल मिश्र, उत्तम भगत, विमल जलान, हेमंत नारायण देव, गुंजन यादव, मनोज सिंह, शिवरतन अग्रवाल, पद्मश्री विजेता जमुना टुडू, सौरव चक्रवर्ती सहित कोर कमेटी के सदस्य व सभी मंडलों के अध्यक्ष उपस्थित थे।
ये कहते प्रभारी
जनता ने विकास और राष्ट्रवाद पर मुहर लगाते हुए झूठकी राजनीति करने वालों को सिरे से नकार दिया है। यह जीत सभी भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहतन और जनता के समर्थन की जीत है।
-समीर उरांव, लोकसभा प्रभारी
ये कहते सांसद
लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में ही भाजपा दमदार वापसी करेगी। कार्यकर्ता उन बूथों पर विशेष ध्यान दें जहां संगठन को कम वोट मिले हैं। सरकार की योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएं।
-विद्युत वरण महतो, सांसद
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप