ताला का इस्तीफा आदिवासियों का अपमान : कुणाल
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से ताला मरांडी का इस्तीफा लिया जाना भाजपा क
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से ताला मरांडी का इस्तीफा लिया जाना भाजपा की आदिवासी विरोधी नीति को दर्शाता है। ताला से इस्तीफा लेने के बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय में अनशन पर बैठे भाजयुमो कार्यकर्ताओं को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया गया। यह भाजपा का आदिवासी-मूलवासी विरोधी चेहरा है। यह बातें बहरागोड़ा से विधायक सह विस मे झामुमो के सचेतक कुणाल षाड़ंगी ने गुरुवार की शाम सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी आदिवासी दिवस पर ताल मरांडी से इस्तीफा लेकर भाजपा ने अपनी मंशा जगजाहिर कर दी है। सीएनटी व एसपीटी एक्ट में संशोधन व स्थानीय नीति के वर्तमान स्वरूप का विरोध झामुमो ही नहीं सरकार में शामिल दलों के लोग भी कर रहे हैं। ऐसे में राज्य का विकास कैसे हो सकता है, जब सरकार अपनों से ही लड़ रही है। उन्होंने कहा कि ताला मरांडी से इस्तीफा लेना ही था तो उनके बेटे की शादी के दौरान लिया जाना चाहिए था लेकिन यह इस्तीफा तब मांगा गया, जब ताला ने सीएनटी व एसपीटी एक्ट में संशोधन का विरोध किया। यह सरकार आदिवासी व मूलवासी विरोधी है। झामुमो कार्यकर्ता इस सरकार के मंसूबे को कामयाब नहीं होने देंगे।
पत्रकार वार्ता में झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक रामदास सोरेन, जिला परिषद सदस्य बाघराय मार्डी, लालटू महतो, सुनील महतो सहित कई नेता उपस्थित थे।
------------------
भाजपा ने अर्जुन मुंडा को हाशिये पर रखा : रामदास
झामुमो के जिलाध्यक्ष रामदास सोरेन ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पार्टी में हाशिये पर रख दिया है। उनकी कोई बात नहीं सुनी जा रही है। यहां तक कि उन्हें हजारीबाग में प्रदेश भाजपा के अधिवेशन में भी बोलने नहीं दिया गया। मुख्यमंत्री रघुवर दास का सपना झामुमो कभी पूरा नहीं होने देगा। आदिवासी व मूलवासियों के हितों की रक्षा को झामुमो कार्यकर्ता रघुवर सरकार की नीतियों का डटकर सामना करेंगे।