BJP से अलग होगी JDU की राह, झारखंड की सभी सीटों पर लड़ेगी चुनाव
झारखंड में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जदयू भाजपा से समझौता नहीं करेगी। झारखंड की सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान पार्टी ने कर दिया है।
जमशेदपुर/आदित्यपुर, जेएनएन। बिहार में जदयू JDU भले भारतीय जनता पार्टी BJP के साथ हो, झारखंड में पार्टी की लाइन अलग होगी। यहां पार्टी गठबंधन की बजाय अकेले चलेगी और सभी 81 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने झारखंड में पार्टी की लाइन का खुलासा किया।
जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर में आयोजित पार्टी की युवा इकाई की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में संजय सिंह ने कहा कि जद यू झारखंड में विधानसभा की सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जद यू का यह फैसला झारखंड में परिर्वतन के लिए है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में जद यू तीसरे विकल्प के रूप में मजबूती से उभर रहा है।
नीतीश मॉडल की चर्चा
संजय सिंह ने कहा कि झारखंड में झामुमो, कांग्रेस और झाविमो का इंजन फेल हो चुका है। नीतीश मॉडल की चर्चा अब झारखंड में भी तेजी से हो रही है। लोग जद यू की तरफ आशा भरी निगाह से देख रहे हैं। यही वजह है कि पार्टी की युवा ब्रिगेड को मजबूत किया जा रहा है। संजय सिंह ने एक बूथ-दस यूथ का नारा दिया।
शराब को बनाएगी मुद्दा
जद यू के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार दूध पियो-शराब छोड़ो का नारा पूरे प्रदेश के युवा वर्ग को दिया जा रहा है। पार्टी युवा वर्ग के लिए 50 प्रतिशत उम्मीदवारी सुनिश्चित करेगी। झारखंड प्रदेश युवा जद यू के राज्य कार्यकारिणी की एक दिवसीय बैठक होटल गुडविल में हुआ। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष बिटु दुबे ने किया ।
नगर अध्यक्ष की पीठ थपथपाई
आदित्यपुर में आयोजित सम्मेलन में उपस्थित जदयू के वरिष्ठ नेता।
भव्य कार्यक्रम के आयोजन को लेकर युवा जद यू के राष्ट्रीय सचिव संजय सिंह ने नगर अध्यक्ष बिट्टू सिंह की पीठ थपथपाई और आगे इसी तरह से कार्य करके संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया।
ये रहे मुख्यरूप से मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, सह प्रभारी अरुण कुमार सिंह, युवा जद यू के राष्ट्रीय सचिव संटू पटेल, प्रदेश प्रवक्ता श्रवण कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णानंद मिश्रा, गुलाब सिंह ,प्रमोद राउत, महादेव पासवान, राकेश महतो उपस्थित थे।