चार दिन बीत जाने के बाद भी बिरसानगर पुलिस खाली हाथ, आखिर कहां गया शंकर सेन Jamshedpur News
पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसनागर थाना क्षेत्र की पुलिस चार दिनों के बाद भी लापता युवक शंकर सेन को नहीं खोज पाई है। उधर युवक की पत्नी और स्वजन परेशान हैं। हर दिन थाना का चक्कर इस आस में लगा रहे हैं कि शायद अच्छी खबर मिल जाए।
जमशेदपुर (जासं) । पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसनागर थाना क्षेत्र की पुलिस चार दिनों के बाद भी लापता युवक शंकर सेन को नहीं खोज पाई है। उधर, युवक की पत्नी और स्वजन परेशान हैं। हर दिन थाने का चक्कर इस आस में लगा रहे हैं कि शायद अच्छी खबर मिल जाए। लेकिन हर दिन वह निराश होकर घर लौट जाते हैं। उन्हें समझ में नहीं आ रहा कि क्या करें। कहां खोजने के लिए जाएं।
शंकर सेन पिछले रविवार से ही लापता है। एक वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी बाइक पुलिस को बिरसनागर के सुनसान क्षेत्र हुरलुंग ब्रिज के नीचे झाड़ी में मिली थी। बाइक लॉक थी। समूचे इलाके को पुलिस ने छान मारा, पर कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने युवक के मोबाइल का काल डिटेल निकाला। अंतिम लोकेशन एमजीएम थाना क्षेत्र के भिलाई पहाड़ी की ओर मिला था। सोमवार को पुलिस पहाड़ी की ओर गई, लेकिन वहां भी कुछ पता नहीं चला। उधर, जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा है, घर वालों की चिंता बढ़ती जा रही है।
बिरसानगर थाना के प्रभारी राजेश झा ने बुधवार को दैनिक जागरण को बताया कि लापता होने के बाद युवक शंकर सेन का मोबाइल एक दिन ऑन हुआ था। उसके आधार पर लोकेशन स्थल पर पुलिस ने पहुंच कर खोजबीन की थी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मोबाइल उसके बाद से बंद है। पुलिस छानबीन व जांच में जुटी हुई है। शंकर सेन टेल्को सेक्टर मार्केट में एक कपड़े की दुकान में काम करता था। उसी दुकान में भाई भी कार्यरत है। रविवार सुबह दुकान जाने के लिए घर से निकला था। दोपहर खाना खाने घर पर नहीं आया।
मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद से वह लापता है। स्वजन अनहोनी को लेकर परेशान हैं। उधर, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। शंकर सेन के भाई संजीव सेन, भाजपा नेता गुड्डू सिंह, संतोष सिंह समेत अन्य लोग भी अपने-अपने स्तर से युवक की खोजबीन कर रहे हैं। जिले भर में जगह-जगह लापता युवक की तस्वीर भी चस्पा कर रहे हैं। अभी तक कहीं से सुराग नहीं मिला है।