रंग-बिरंगी रौशनी में रैंप पर चहलकदमी से गांव में उतरा शहर, जानिए
जमशेदपुर प्रखंड़ के कालीमाटी पंचायत के सुदूर आदिवासी बहुल क्षेत्र सोपोड़ेरा फुटबॉल मैदान में रैंप पर कैटवॉक आकर्षण का केन्द्र रहा।
जमशेदपुर,जेएनएन। रंग-बिरंगी रौशनी में रैंप पर चहलकदमी से गांव में मानो शहर उतर आया। पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर प्रखंड़ के कालीमाटी पंचायत के सुदूर आदिवासी बहुल क्षेत्र सोपोड़ेरा फुटबॉल मैदान में रैंप पर कैटवॉक का आयोजन आकर्षण का केन्द्र रहा। विभिन्न झारखंड़ी परिधानों में 3-30 आयु वर्ग के नन्हें - मुन्हे, बच्चे- बच्चियों से लेकर युवक एवं युवतियों ने जब म्यूजिक के धुन पर रैंप पर चहलकदमी की तो तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।
उमड़ी हजारों की भीड़
इस आयोजन को देखने के लिए हजारों की भीड़ उपस्थित थी। भीड़ बेहद अनुशासित। नतीजतन शांतिपूर्ण ढ़ंग से कार्यक्रम संपन्न हुआ। आदिवासी मुंड़ा समाज, जोहार आदिवासी मुंड़ा यूथ एवं संयुक्त ग्राम सुरक्षा समिति ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंड़ा के जन्मदिवस एवं राज्य स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया था। अलग - अलग रंग - बिरंगे झारखंडी परिधानों में जब प्रतिभागी अपना जलवा बिखेरने रैंप पर उतरे तो ऐसा लगा मानो पूरा झारखंड एक मंच पर उतर आया हो। रंग - बिरंगे परिधानों में इन सबों की सुंदरता देखते ही बन रही थी। हर प्रतिभागी के कैट वॉक पर दर्शकों ने तालियां बजाकर इनका उत्साह बढ़ाया।
मिला खास संदेश
यह आयोजन फूहड़ फैशन शो के आयोजकों को यह संदेश दे गया कि पारंपरिक परिधानों में भारत की सुंदरता औरों से श्रेष्ठ है। काश ! प्रायोजक इस ओर पहल करें। बाद में सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में भाग लेने आये अतिथि अमरनाथ चौबे ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र सोपोडेरा में झारखंड की परंपरा और भारतीय परिधान से परिचित कराने की आयोजकों की यह कोशिश काबिले तारीफ है। दर्शकों की तालियों की यह गड़गडाहट आयोजन की सफलता को बयां कर रहा है। उन्होंने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास की भी प्रशंसा की।
ये रहे उपस्थित
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष बिमल बैठा ने कहा कि जल, जंगल और जमीन हमारी पूंजी है। हमें इसकी रक्षा हर कीमत पर करनी है। उन्होंने समाज से शिक्षा पर जोर देने की वकालत की। कार्यक्रम में समाजसेवी परमानंद सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष राम सिंह मुंड़ा, पूर्व मुखिया प्रभुराम मुंड़ा, प्रकाश सांडिल, काजू सांडिल, दीपक कुमार, चितरंजन स्वांसी, टाटा कमिंस यूनियन के उपाध्यक्ष रामाकांत करूआ, जेपी सिंह, राजेश सिंह, आलोक भास्कर, राम मुखी, उमेश पुराण, रूद्रो मुंड़ा, सतीश मिश्रा, तुलसी महतो आदि उपस्थित थे।
हुईं खेलकूद प्रतियोगिताएं
सांस्कृतिक कार्यक्रम से पूर्व अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंड़ा की प्रतिमा के पास दीये जलाये एवं माल्यार्पण किया। इस अवसर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। वहीं भगवान बिरसा मुंड़ा के जीवनी पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। बाद में सभी विजयी प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार प्रदान किया गया।