JAC Result Issues : छात्राओं पर लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने किया मुख्यमंत्री का पुतला दहन
धनबाद में जैक की मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा के रिजल्ट से असंतुष्ट विद्यार्थियों की बात से अवगत कराने पहुंचीं छात्राओं पर लाठीचार्ज के विरोध में रविवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा पूर्वी सिंहभूम के पोटका के हाता चौक में झारखंड के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया।
पोटका (पूर्वी सिंहभूम), जागरण संवाददाता। धनबाद में जैक की मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा के रिजल्ट से असंतुष्ट विद्यार्थियों की बात से अवगत कराने पहुंचीं छात्राओं पर लाठीचार्ज के विरोध में रविवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा पूर्वी सिंहभूम के पोटका के हाता चौक में झारखंड के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। साथ ही इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए युवा मोर्चा के सदस्यों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच करते हुए अविलंब कार्रवाई की मांग की। इनका कहना है कि इस तरह छात्राओं के ऊपर बर्बरतापूर्वक लाठी चलाना काफी कायरतापूर्ण घटना है। इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए।
न्याय मांगने गए छात्राओं पर लाठीचार्ज के मामले में एसटी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य उपेंद्र सरदार का कहना है कि यह काफी निंदनीय घटना है । इस तरह न्याय मांगने गए छात्राआें को पर लाठीचार्ज करना काफी गंभीर मामला है। मामले कीर उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। वही जिला मंत्री मनोज सरदार का कहना है कि देर किए बगैर मैट्रिक और इंटर के रिजल्ट की जांच होनी चाहिए। भारी संख्या में बच्चों को फेल करना काफी दुखद घटना है। मुख्यमंत्री को जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देना चाहिए । महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दुखनी माई सरदार का कहना है कि हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल है। नैतिकता के आधार पर उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। वही इस तरह भारी तादाद में छात्रों को फेल करना एवं उसके बाद बर्बरता पूर्वक लाठी चार्ज करना काफी निंदनीय घटना है। इस मामले पर दोषी लोगों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए सभी फेल छात्रों को पास किया जाना चाहिए।
ये रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल
पुतला दहन में मुख्यरूप से मनोज कुमार सरदार एसटी जिला मंत्री भाजपा जमशेदपुर महानगर, विवेक श्रीवास्तव भायुमो पोटका मंडल महामंत्री, उपेन्द्र नाथ सरदार एसटी मोर्चा प्रदेश कार्यकारी सदस्य, दुखनीमाई सरकार, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, मनोज राम जिला मंत्री, चन्द्रशेखर गुप्ता, राहुल राय, विश्वनाथ मुखी, मनोज सरदार, बाबलू, मुण्डा, अप्पू पाल, मिठु चित्रकार आदि उपस्थित रहे।