बागबेड़ा के युवक की नरवा में डूबने से मौत
बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड बजरंग टेकरी निवासी बबलू पुष्टि का 20 वर्षीय पुत्र मुकुल कुमार पुष्टि जादूगोड़ा के नरवा में डूब गया। उसे निकाल कर खासमहल सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर :
बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड बजरंग टेकरी निवासी बबलू पुष्टि का 20 वर्षीय पुत्र मुकुल कुमार पुष्टि जादूगोड़ा के नरवा में डूब गया। उसे निकाल कर खासमहल सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वह इंदिरा आइटीआइ का छात्र था। पार्ट टाइम में वह जुगसलाई में शंकर मेडिकल में काम भी करता था। घटना शनिवार दोपहर की है।
युवक के पिता ने मुकुल के साथ नरवा गए सात युवकों के खिलाफ जादूगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दिया है। आरोप लगाया कि उसके पुत्र की हत्या की गई है। पुलिस युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्या के आरोप को सभी ने गलत बताया। घटना के बाद बजरंग टेकरी में मातम पसर गया है। जिला पार्षद किशोर यादव और बागबेड़ा के उप मुखिया सुनिल गुप्ता परिजनों से मिलकर मामले की जानकारी ली। बस्ती के लोगों के मुताबिक मुकुल पुष्टि तीन भाई है। वह भाइयों में बड़ा था। एक बहन है। पिता फेरी करते है।
मोनू और अमित ने डूब रहे मुकुल को निकाला
मुकुल कुमार पुष्टि इंदिरा आइटीआइ संस्थान, करनडीह में पढ़ने जाने की बात कहते हुए स्कूटी से सुबह 11 बजे निकला। वह अपने सात साथियों के साथ बाइक से गया। संस्थान नहीं जाकर सभी नरवा डैम घूमने चले गए। गर्मी अधिक लगने के कारण नदी में नहाने की जिद करने लगा। मनाही के बावजूद मुकुल नदी में उतर गया। नहाने में वह डूबने लगा। यह देख मोनू राम और अमित ने उसे किसी तरह बाहर निकाला। सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
बबलू पुष्टि ने जादुगोड़ा थाना में शिकायत में कहा कि शाम चार बजे सोपोडेरा में रहने वाले विनोद कुमार दास, गोलपहाड़ी के अनुराग, मनू, धमेंद्र, पिंटू सीनी का मोनू राम और अमित ने मोबाइल पर फोन किया। कहा कि मुकुल की हालत गंभीर है। खासमहल सदर अस्पताल में है। बताया गया कि नहाने में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई।