खरीफ फसल के लिए आच्छादन का लक्ष्य 5,425 हेक्टेयर Jamshedpur News
अब किसान खेतों में धान की रोपाई करने में जुट गए हैं। मुसाबनी समेत आसपास के क्षेत्रों में धान की रोपाई शुरू हो चुकी है।
मुसाबनी (संवाद सूत्र)। मुसाबनी प्रखंड में रुक-रुक कर हो रही बारिश से किसान काफी खुश हैं। अब किसान खेतों में धान की रोपाई करने में जुट गए हैं। मुसाबनी समेत आसपास के क्षेत्रों में धान की रोपाई शुरू हो चुकी है। प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी शिव शंकर पाल ने बताया कि मुसाबनी प्रखंड में कुल 12,641 किसान हैं।
कृषि योग्य भूमि 9935.17 हेक्टेयर है। इस वर्ष खरीफ फसल के लिए आच्छादन का लक्ष्य 5,425 हेक्टेयर भूमि रखा गया है। जून 2020 में 194.40 मिली. बारिश हुई है। प्रखंड के पश्चिमी बदिया व उत्तरी बदिया लैम्प्स के माध्यम से किसानों के बीच लगभग 40 ¨क्वटल धान बीज का वितरण किया गया है। एमटीयू-7029 स्वर्ण धान के बीज से किसान धान का पौधा तैयार कर खेतों में लगाने का कार्य कर रहे हैं। किसानों ने बताया कि निर्धारित समय पर धान की रोपाई होने पर ही पूरे वर्ष की खेती निर्भर रहती है।
अब बारिश से कृषि कार्य जोर पकड़ रहा है। किसान हल-बैल व कुदाल के साथ खेतों में नजर आ रहे हैं। ट्रैक्टर से भी खेत तैयारी किए जा रहे हैं। किसानों की मानें तो इस वर्ष अच्छी बारिश हुई तो धान की अच्छी फसल होगी। लगातार हो रही बारिश से मिट्टी नम हो रही है। किसान खेतों की साफ-सफाई और जोताई कार्य में जुट गए हैं। किसानों ने बताया कि धान की रोपाई जुलाई के तीसरे सप्ताह तक हो जाए तो धान की फसल अच्छी होगी। इस क्षेत्र में अधिकांश किसान हाइब्रिड धान की खेती करते हैं।