Live Coronavirus Jamshedpur : नाई की रिपोर्ट निगेटिव, पर रहेगा सरकारी क्वारंटाइन में, जानिए ताजा हाल
Coronavirus Jamshedpur News Update. जमशेदपुर के बागबेड़ा के नाई की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है लेकिन वह अभी क्वारंटाइन में रहेगा। पांच दिन बाद फिर जांच की जाएगी।
जमशेदपुर, जासं। Coronavirus Jamshedpur News Update जमशेदपुर के बागबेड़ा के नाई की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन वह अभी क्वारंटाइन में रहेगा। पांच दिन बाद उसकी फिर जांच की जाएगी।
उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने बताया कि नाई के संपर्क में आने वाले करीब एक दर्जन लोगों को भी सरकारी क्वारंटाइन में रखा गया है। उनके नमूने की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। इससे पहले नाई ने कोरोना पॉजिटिव रह चुके व्यक्ति के घर जाकर दाढ़ी बनाई थी। उसे प्रशासन ने होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने उस व्यक्ति के साथ नाई पर भी प्राथमिकी दर्ज कराई थी।, क्योंकि नाई यह जानते हुए उसके घर गया कि वह बाहर से आया है।
जवाहरनगर व बागुननगर से हटा कंटेनमेंट जोन
जिला प्रशासन ने शुक्रवार को शहर के दो क्षेत्र जवाहरनगर व बागुननगर से कंटेनमेंट जोन हटा दिया। मानगो के जवाहरनगर में एक कोरोना संक्रमित मिलने के बाद 30 मई को रोड नंबर-14 में कंटेनमेंट जोन बनाया गया था। इसकी जद में मो. मेहताब के घर से मो. खालिद अंसारी और रफीक के घर से बानो बेगम के घर तक शामिल था। वहीं बफर जोन में मो. हीरा अंसारी के घर से मो. एजाज का घर और वन विभाग की चारदीवारी से घर की गली तक बैरिकेडिंग की गई थी। बारीडीह के आदर्शनगर स्थित सी रोड में एक कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद दो जून को कंटेनमेंट जोन बनाया था।
टेल्को में एक ही परिवार के तीन कोरोना पॉजिटिव
शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में पांच कोरोना पॉजिटिव मिले। इसमें टेल्को के तीन मरीज शामिल हैं। ये एक ही परिवार के भाभी, ननद व भगीना होने की बात कही जा रही हैं। इसका अबतक कोई ट्रैवल्स हिस्ट्री नहीं मिला है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की टीम पता करने में लगी हुई है।
इससे पूर्व भी इस परिवार के एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गये थे, जो टाटा ग्रुप के कर्मचारी हैं। इसके साथ ही एक मरीज मानगो के आजादनगर व एक मरीज पोटका निवासी है। सभी को टीएमएच के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 283 हो गई है।
एमजीएम में हुई 223 लोगों की जांच
महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब में शुक्रवार को 223 लोगों की जांच हुई। इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले के दो, पश्चिमी सिंहभूम जिले के दो व सरायकेला जिले के शामिल है। बाकी तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज टीएमएच के लैब से मिले है। इधर, पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को 197 कोरोना संदिग्ध मरीजों का नमूना लिया गया। जिले में अबतक कुल 17718 संदिग्ध मरीजों का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 16714 लोगों का रिपोर्ट आ चुका है। बाकी की जांच प्रक्रिया में है।
14 कोरोना मरीज हुए स्वस्थ
टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती 14 कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के संक्रमण मुक्त होने पर शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी दी गई। इसमें एक जुगसलाई, एक मानगो, दो धालभूमगढ़, तीन बहरागोड़ा, एक मुसाबनी, एक बागुननगर, एक बारीगोड़ा, एक एग्रिको, एक सीतारामडेरा, एक पोटका व एक चाकुलिया के रहने वाले हैं। जिले में अबतक 155 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।