पप्पू मारवाड़ी समेत शोकाकुल परिवारों से मिले बन्ना
बन्ना ने उनके घर जाकर परिवार को सांत्वना देते हुए पुलिस अधिकारियों को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जासं, जमशेदपुर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता रविवार को मानगो गए, जहां वे पप्पू मारवाड़ी समेत अन्य शोकाकुल परिवारों से मिले। उलीडीह में शनिवार को चाकलेट-बिस्कुट के कारोबारी अनूप कुमार सुरेखा उर्फ पप्पू मारवाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बन्ना ने उनके घर जाकर परिवार को सांत्वना देते हुए पुलिस अधिकारियों को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बन्ना उलीडीह के डिमना बस्ती स्थित ऊपरटोला भी गए। शनिवार को ही राजमिस्त्री मोनी चक्रवर्ती की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। बन्ना ने उनके परिवार को आर्थिक सहायता भी दी। बन्ना भाजपा के पूर्व जिला मंत्री स्व. अशोक सिंह के घर भी गए। अशोक सिंह का शुक्रवार को हृदयाघात से निधन हो गया था। उनके आवास पर जाकर संवेदना व्यक्त की।
--------
परसुडीह में कई शोकाकुल परिवार से मिले विधायक मंगल कालिदी : जुगसलाई के विधायक मंगल कालिदी रविवार को परसुडीह गए थे, जहां उन्होंने पश्चिमी हलुदबनी पंचायत के बनारसी टोला व तिरिल टोला में कई परिवार से मिले। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्या बताई, तो विधायक ने उसी समय संबंधित पदाधिकारियों से समाधान करने का आदेश दिया। विधायक जमशेदपुर प्रखंड के हितकु पंचायत में झामुमो नेता पलटन मुर्मू की चाची के श्राद्धकर्म में भी शामिल हुए। वहां उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किया। विधायक परसुडीह निवासी ए. रमना राव की मां के भी श्राद्धकर्म में शामिल हुए। मध्य सरजामदा पंचायत अंतर्गत जाम्बिनगर, सोपोडेरा में कुछ दिन पहले रीता मछुआ का निधन हो गया था। विधायक ने घर जाकर उनके पुत्र बबलू मछुआ को श्राद्धकर्म के लिए मदद की। मध्य हलुदबनी पंचायत के हलुदबनी बाघडेरा में कुछ दिन पहले कौशल्या कालिदी का निधन हो गया था। विधायक ने घर जाकर उनके पुत्र जयप्रकाश कालिदी को श्राद्धकर्म में आर्थिक मदद की।