वाटर पार्क में स्वीमिग और पानी खेल पर लगी रोक
पूर्वी सिंहभूम जिला के गालूडीह क्षेत्र के बड़बिल गांव में 15 मार्च से संचालित बिरसा फन सिटी वाटर पार्क एंड रिसोर्ट में सरकारी गाइडलाइन की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रहीं थी। विशाल क्षेत्रफल में फैले यह पार्क झारखंड का सबसे बड़ा पार्क है। इसमें दो माह के बच्चे से लेकर तीन वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश हो रहा था इसके अलावा लोगों का प्रवेश भी बिना मास्क के ही हो रहा था..
संसू, गालूडीह : पूर्वी सिंहभूम जिला के गालूडीह क्षेत्र के बड़बिल गांव में 15 मार्च से संचालित बिरसा फन सिटी वाटर पार्क एंड रिसोर्ट में सरकारी गाइडलाइन की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रहीं थी। विशाल क्षेत्रफल में फैले यह पार्क झारखंड का सबसे बड़ा पार्क है। इसमें दो माह के बच्चे से लेकर तीन वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश हो रहा था, इसके अलावा लोगों का प्रवेश भी बिना मास्क के ही हो रहा था। खबर दैनिक जागरण में सोमवार को प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक पदाधिकारी हरकत में आए। घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सत्यवीर रजक के निर्देश पर दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया। इस टीम में बीडीओ कुमार एस अभिनव व सीओ राजीव कुमार को शामिल हैं। दोनों सोमवार को गालूडीह स्थित बिरसा फन सिटी वाटर पार्क की जांच को पहुंचे। इस दौरान टीम ने संचालिका सुप्रिया पीयूष, प्रबंधक लोकपति सिंह से पूछताछ की। जानकारी देते हुए बीडीओ ने बताया कि बाहरियों की भीड़ ज्यादा हो रही है। यह भीड़ पानी के खेल के कारण हो रही है। इसलिए अगले आदेश तक स्वीमिग और पानी खेल पर रोक दें। सिर्फ पार्क के अंदर लोग भ्रमण कर सकते हैं, वह भी कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए।
बीडीओ ने कहा कि 24 घंटे के अंदर में पार्क किसके आदेश से शुरू किया गया, कागजात दिखाने को कहा गया है। कागजातों के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गाइड लाइन के अनुसार पार्क में कितने लोगों के प्रवेश की अनुमति है जांच की जा रही। रविवार को पार्क में कितने लोग पहुंचे, यह सारी जानकारी मांगी गई है। पार्क में सुरक्षा तथा जरूरी इंतजाम हैं इसके भी दस्तावेज अंचल कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। जानकारी हो कि इस पार्क में रांची, चाईबासा, चांडिल, जमशेदपुर व पश्चिम बंगाल के वांदवान, कुचिया से हजारों की संख्या में लोग वाटर पार्क का आनंद लेने पहुंचते हैं। बगैर रोकटोक के छोटे बच्चें भी अभिभावकों के साथ भीड़ का हिस्सा बन रहे है, ऐसे में संक्रमण बढ़ने की प्रबल संभावना दिखाई पड़ रही थी। दैनिक जागरण के खबर पर क्षेत्र के कांग्रेस नेता मानस दास, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमरदीप शर्मा, गोपाल पटनायक, हराधन सिंह व विकास भकत ने आभार जताते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए यह बेहद जरूरी था।