अज्ञात बीमारी से ग्रस्त बहरागोड़ा निवासी को पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के ट्वीट पर मिली मदद, स्वास्थ्य मंत्री के बाद सीएम ने भी दिया मदद का आदेश Jamshedpur News
गुरुवार रात पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने किया था ट्वीट शुक्रवार सुबह एमजीएम अस्पताल में शुरू हुआ उपचार।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। अज्ञात बीमारी से ग्रस्त बहरागोड़ा के वृंदावनपुरगांव के 47 वर्षीय सुकुमार दलाई के ईलाज के लिए झारखंड सरकार ने संज्ञान लिया हैं। पीड़ित पिछले दो महीनों से अज्ञात बीमारी से ग्रस्त है और इससे पहले पश्चिम बंगाल के गोपीवल्लभपुर अस्पताल में चल रही थी।
वित्तीय समस्या और गरीबी के कारण आगे इलाज रुक गया था। सुकुमार की पत्नी संध्या मानी दलाई के अनुसार पिछले दो महीनों से उनके पति का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है। इलाज के अभाव में जीवन और मौत के बीच जूझते हुए उनके पति अंतिम सांसे गिन रहे थे। पत्नी कई बार जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगा चुकी थी।
मामले की जानकारी मिलते ही बहरागोड़ा के पूर्व विधायक और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने संज्ञान लेकर अपने ट्विटर हैंडल से सरकार का ध्यानाकृष्ट कराया। पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने गुरुवार देर रात संबंधित मामले के विषय मे ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता सहित पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त सूरज कुमार को ट्वीट कर पीड़ित के समुचित ईलाज का आग्रह किया। मामले में त्वरित संज्ञान लेकर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गुरुवार देर रात ही जमशेदपुर के उपायुक्त को मामले में जानकारी लेकर मदद सुनिश्चित कर सूचित करने का निर्देश जारी किया था।
स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के बाद शुक्रवार अहले सुबह एमजीएम अस्पताल प्रबंधन ने सुकुमार दलाई का उपचार प्रारंभ कर दिया है। वहीं उनके स्वजनों को भोजन की समस्या न हो इसके लिए जिला प्रशासन ने सूखा राशन भी उपलब्ध कराया है। इसी मामले से संबंधित एक ट्वीट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शुक्रवार सुबह लगभग ग्यारह बजे जमशेदपुर के डीसी को उचित सहयोग मुहैया कराने का आदेश दिया। इसपर उपायुक्त ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को चिकित्सकीय जाँच के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है और परिवार को तत्काल सूखा राशन उपलब्ध करा दी गई है।
इस मामले में शुक्रवार सुबह सुकुमार दलाई की पत्नी संध्या मानी दलाई ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी के त्वरित हस्तक्षेप और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए बताया कि सुबह उनके पति को एम्बुलेंस द्वारा एमजीएम अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया है।