दहेज को ले हुई आशा राय की हत्या, पति व सास गिरफ्तार, भेजे गये जेल
शास्त्री नगर में सोमवार को 20 वर्षीय महिला आशा राय की मौत हुई थी। इस घटना के पीछे घर में केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगाने की बात सामने आई थी। घटना के समय पूरा परिवार बाजार गया हुआ था। घर में आशा राय अकेली थी और बूढ़ी दादी बागान में बैठी हुई थी। इधर मंगलवार को मुसाबनी थाना पुलिस ने इस मामले को लेकर हत्या के आरोप में मृतका के पति शास्त्री नगर निवासी सोमनाथ राय व महिला की सास सुषमा राय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया..
संवाद सूत्र, मुसाबनी : शास्त्री नगर में सोमवार को 20 वर्षीय महिला आशा राय की मौत हुई थी। इस घटना के पीछे घर में केरोसिन तेल छिड़ककर आग लगाने की बात सामने आई थी। घटना के समय पूरा परिवार बाजार गया हुआ था। घर में आशा राय अकेली थी और बूढ़ी दादी बागान में बैठी हुई थी। इधर, मंगलवार को मुसाबनी थाना पुलिस ने इस मामले को लेकर हत्या के आरोप में मृतका के पति शास्त्री नगर निवासी सोमनाथ राय व महिला की सास सुषमा राय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मृतका (आशा राय) के चाचा दुर्गाचरण राय (पश्चिम बंगाल स्थित पुरुलिया निवासी) ने मुसाबनी थाना में संदीप राय व उसकी मां सुषमा राय के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने व दहेज नहीं देने पर केरोसिन तेल छिड़क कर भतीजी की हत्या करने का मामला दर्ज कराया था। मंगलवार को महिला का पोस्टमार्टम भी कराया गया। पुलिस इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जले हुए शव के नीचे मिली माचिस : मुसाबनी थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने बताया कि अनुसंधान के प्रारंभिक चरण में आशा राय ने आत्महत्या नहीं की, हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि आशा राय का शव का संदिग्ध अवस्था में मिला था। जलते समय तड़पने या इधर-उधर भागने का कोई निशान नहीं मिला। जले हुए शव के नीचे से माचिस भी मिली है। शव के समीप ही केरोसिन तेल का प्लास्टिक डब्बा रखा मिला, जो तेज आग के बावजूद जला नहीं था। जलते समय किसी ने नहीं सुनी थी आवाज : थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के जलते समय चीखने-चिल्लाने की आवाज आस पड़ोस के लोगों ने नहीं सुनी थी। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि आशा राय की हत्या करने के बाद शव को बाद में जलाया गया। इस मामले में आरोपित पति सोमनाथ राय व सास सुषमा राय के खिलाफ आइपीसी की धारा 304 बी 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पति के मोबाइल से ली थी अंतिम सेल्फी : पुलिस ने सोमनाथ राय का मोबाइल भी बरामद किया है, जिसमें सोमवार की सुबह 9:01 बजे आशा राय ने अपने पति के फोन से अपनी अंतिम सेल्फी ली थी। इससे यह प्रतीत होता है कि उस समय तक आशा राय जीवित थी और घर में सबकुछ सामान्य था। दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे सास व पति : इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि आशा राय को दहेज के लिए उसकी सास व पति द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। घर में रोज झगड़ा-झंझट होता था। कुछ दिन पूर्व वह अपना घर छोड़ पड़ोसी के घर चली गई थी। उसके बाद पति व सास ने समझा-बुझाकर उसे वापस घर लाया था।