अधर में लटका टाटा मोटर्स अधिकारियों का अप्रेजल, नहीं हुई प्रोन्नति Jamshedpur News
Tata Motors. टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के अधिकारियों का अप्रेजल व प्रमोशन अधर मे लटका हुआ है। अप्रैल में अधिकारियों की भी अप्रेजल के साथ प्रोन्नति होती है।
जमशेदपुर, जासं। टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के अधिकारियों का अप्रेजल व प्रमोशन अधर मे लटका हुआ है। अप्रैल में कंपनी कर्मचारियों के ग्रुप प्रमोशन के बाद अधिकारियों की भी अप्रेजल के साथ प्रोन्नति होती है जो कोरोना को लेकर अधर में लटका हुआ है।
संभावना है कि कोविड संकट से हालात सुधरने पर अगस्त या सितंबर में इस पर निर्णय ले लिया जाएगा। अधिकारियों के लिए साल भर के उनके परफॉर्मेंस पर ऑनलाइन फीडबैक लेने काम जून महीने में समाप्त हो गया। अगले दो माह में इसके परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे। परफॉर्मेंस के आधार पर अधिकारियों को प्रोमोशन, इंक्रीमेंट आदि दिया जाता है।
कर्मचारियों का भी ग्रुप प्रोमोशन अटका
इधर कर्मचारियों का भी ग्रुप प्रोमोशन लटका हुआ है जिससे कर्मचारियों को प्रतिमाह 550 रुपए का नुकसान है। प्रति वर्ष एक अप्रैल से कर्मचारियों को ग्रुप प्रमोशन का लाभ मिलने लगता है, लेकिन इस बार तीन माह हो गया और यह लाभ नहीं मिल रहा है। कोरोना को लेकर ग्रुप प्रमोशन पर कंपनी की धीमी गति है। मार्च महीने में ग्रुप प्रमोशन को लेकर कर्मचारियों का इंटरव्यू से लेकर उनकी दक्षता का आकलन होता है फिर उसी आधार पर उन्हें प्रोन्नति मिलती है। पिछले साल 750 कर्मचारियों को प्रोन्नति का लाभ मिला है। प्रत्येक तीन साल पर कर्मचारी ग्रुप प्रमोशन पाने के हकदार होते हैं।
ग्रेड रिवीजन समझौते में बढ़ी है राशि
पहले ग्रुप प्रमोशन में 250 रुपए का लाभ मिलता था। लेकिन ग्रेड रिवीजन के बाद यह राशि 550 रुपए कर दी गई है।