पति को बंधक बनाकर पत्नी का बनाया अश्लील वीडियो, दी वायरल करने की धमकी
मायके जा रही महिला के साथ उसके पति को बंधक बना सात लोगों ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। आरोपितों ने उसे नंगा कर वीडियो बनाया।
जमशेदपुर(जागरण संवाददाता)। कोल्हान प्रमंडल के सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के विरराजपुर रेलवे स्टेशन के समीप मायके जा रही महिला के साथ उसके पति को बंधक बना सात लोगों ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। घटना 14 सितंबर दोपहर साढ़े तीन बजे रेलवे स्टेशन से थोड़ी दूर घटी। पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने कहा है कि आरोपितों ने उसे नंगा कर वीडियो बनाया। किसी को घटना की जानकारी देने पर फुटेज वायरल करने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया कि वह एक आरोपित को पहचानती है। उसका नाम उज्ज्वल महतो है। उसके साथ छह अन्य लोग भी थे। वीडियो वायरल होने और लोकलाज के कारण महिला व उसके पति ने गांव में किसी को यह बात नहीं बताई। बाद में किसी से पता चला कि वीडियो फुटेज वायरल है। इसके बाद पीड़िता के पति ने मुखिया को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद गांव में बैठक कर पुलिस को सूचना देने का निर्णय लिया गया। रविवार की देर शाम मुखिया समेत दर्जनों ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना के बाद सरायकेला एसडीपीओ ने गम्हरिया थाना पहुंच कर मामले की जानकारी ली। इस संबंध में उज्ज्वल महतो समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों पर एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी शुरू कर दी गई है। उधर, इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन रही है। ग्रामीण कभी भी सड़क पर उतर कर प्रतिवाद कर सकते हैं। वैसे पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कारण ग्रामीणों को इंसाफ की उम्मीद है। पुलिस ने कहा है कि आरोपितों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।