corona update : ब्रिटेन से एक और युवती पहुंची जमशेदपुर, बारीडीह की रहने वाली है
corona virus alert ब्रिटेन से एक और युवती जमशेदपुर पहुंची। मंगलवार की सुबह इसकी सूचना जैसे ही जिला स्वास्थ्य विभाग को मिली तो उसके यहां टीम पहुंची और नमूना लिया गया। इसके बाद जांच के लिए भेजा गया।
जमशेदपुर : ब्रिटेन से एक और युवती जमशेदपुर पहुंची। मंगलवार की सुबह इसकी सूचना जैसे ही जिला स्वास्थ्य विभाग को मिली तो उसके यहां टीम पहुंची और नमूना जब्त किया गया। इसके बाद जांच के लिए भेजा गया था। देर शाम आई रिपोर्ट निगेटिव आई है जो राहत देने वाली है।
ब्रिटेन से आई महिला के संपर्क में कुल चार लोग आए थे। उन सभी का भी नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि, सभी को अगले एक सप्ताह तक होम आइसोलेशन में रहने का सख्त निर्देश दिया गया है। जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ. साहिर पाल ने बताया कि युवती ब्रिटेन से दिल्ली आई थी। उसके बाद वहां से जमशेदपुर के बारीडीह आई। इससे पूर्व भी ब्रिटेन से छह नागरिक जमशेदपुर पहुंचे थे। उन सभी की रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी। अभी भी वे सभी होम आइसोलेशन में है। इसमें दो सोनारी, एक मानगो, एक एग्रिको, एक बिष्टुपुर व एक रहरगोड़ा के रहने वाले हैं। ब्रिटेन में कोरोना की दूसरी लहर स्ट्रेन तेजी से फैल रहा है, जो पूरे विश्व के लिए चिंता का विषय बन गया है।
बाहर से आने वाले हर व्यक्ति की जांच जरूरी
जिला सर्विलांस विभाग की ओर से देश-विदेश सभी राज्यों से आने वाले लोगों के लिए कोरोना जांच अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बावजूद भी लोग जांच नहीं कराकर सीधे घर पहुंच रहे हैं जो खतरनाक साबित हो सकता है। चोरी-चुपके घरों में प्रवेश करने से न सिर्फ उनकी परेशानी बढ़ेगी बल्कि घर, परिवार, समाज और पूरे देश को नुकसान है। पूर्वी सिंहभूम जिले में अभी तक 17 हजार 519 लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं।