टाटा स्टील के सभी कर्मचारियों को मिलेगा चांदी का सिक्का, ये है खास वजह
ऐतिहासिक टाटा वर्कर्स यूनियन के शताब्दी वर्ष पर टाटा स्टील के सभी कर्मचारियों को चांदी का सिक्का मिलेगा। यह फैसला यूनियन की कमेटी मीटिंग में लिया गया।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। टाटा वर्कर्स यूनियन के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर टाटा स्टील के कर्मचारियों को चांदी का सिक्का मिलेगा। टाटा वर्कर्स यूनियन के ऑफिस बियरर की बैठक में कमेटी मेंबरों द्वारा दिए गए सुझावों पर विचार किया गया।
इसमें यूनियन के पदाधिकारियों ने भी यूनियन के सभी सदस्यों को शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर चांदी का सिक्का, दीवार घड़ी, पुरुष व महिलाओं के लिए हाथ घड़ी या ट्रैवल्स बैग में से एक उपहार दिए जाने की वकालत की। इसमें छह से सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। ऐसे में तय हुआ कि कर्मचारियों को कौन सा उपहार दिया जाए, इस पर टाटा स्टील प्रबंधन की सहमति अनिवार्य है। कंपनी में लगभग 13,500 कर्मचारी कार्यरत हैं।
ये रहे उपस्थित
बैठक में यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महासचिव सतीश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष भगवान सिंह, हरिशंकर सिंह, शाहनवाज आलम, शत्रुध्न राय, सहायक सचिव कमलेश सिंह, धर्मेद्र उपाध्याय, नितेश राज व कोषाध्यक्ष प्रभात लाल उपस्थित थे।
चार मार्च को होगा शताब्दी समारोह का शुभारंभ
बैठक में तय हुआ कि चार मार्च को यूनियन के शताब्दी वर्ष के अवसर पर किक ऑफ कार्यक्रम से शताब्दी समारोह का शुभारंभ होगा। इसमें टाटा स्टील के सीइओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन सहित कंपनी के सभी वरीय अधिकारियों व शहर के गणमान्य को आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद पूरे एक वर्ष तक विभिन्न तरह के आयोजन होंगे।
बेहतर ग्रेड से ज्यादा भला होता
अध्यक्ष के निजी सचिव द्वारा ऑफिस बियरर की बैठक के लिए आमंत्रित किया गया तो कुछ पदाधिकारियों को उम्मीद थी कि ग्रेड रिवीजन पर रणनीति तैयार करने के लिए बैठक बुलाई गई होगी, लेकिन यहां ग्रेड के बजाय यूनियन नेतृत्व शताब्दी वर्ष के लिए ज्यादा चिंतित दिखे। कुछ पदाधिकारियों ने कहा कि इसके बजाय यदि यूनियन नेतृत्व बेहतर ग्रेड रिवीजन के लिए प्रयास करती तो कर्मचारियों का ज्यादा भला होगा।
इन पर भी बनी सहमति
-शताब्दी वर्ष का मुख्य आयोजन होगा भव्य। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को भी किया जाएगा आमंत्रित।
-सभी कमेटी मेंबरों को मिलेगी रेमंड की शर्ट। इसे पहनकर ही वे संस्थापक दिवस के मार्च पास्ट में होंगे शामिल।
-2020 में टाटा स्टील के छपने वाले कैलेंडर व डायरी में यूनियन के इतिहास की दिखेगी झलक।
-तीन मार्च को जुबली पार्क में होने वाली विद्युत सज्जा में टाटा वर्कर्स यूनियन के शताब्दी वर्ष की भी दिखेगी झलक।
-मई में होगा माइकल जॉन लेक्चरर। टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को दिया जाएगा गोल्ड मेडल। पिछले वर्ष इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी को दिया गया था गोल्ड मेडल।