Jharkhand Assembly Election 2019 : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की आजसू को दो टूक, कोल्हान में मिलेगी सिर्फ एक सीट
Jharkhand Assembly Election 2019. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने साफ किया है कि आजसू को कोल्हान में केवल एक सीट ही मिलेगी।
जमशेदपुर/चक्रधरपुर, जेएनएन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा है कि वर्ष 2014 के चुनाव में हुए सीट बंटवारे के अनुसार ही वर्ष 2019 में आजसू को सीटें मुहैया कराई जाएंगी। यह भी साफ कर दिया है कि कोल्हान प्रमंडल में सिर्फ जुगसलाई सीट ही आजसू को दी जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आजसू पार्टी को नसीहत देते हुए गुरुवार को कहा कि गांवों में आयोजित फुटबॉल मैच में जुटने वाली भीड़ को अपना समर्थक समझने की भूल ना करे। उन्होंने एनडीए के दूसरे सहयोगी दल जदयू के संबंध में कहा कि जदयू से सिर्फ बिहार में भाजपा का गठबंधन है। झारखंड में चुनाव लड़ने के लिए जदयू पूरी तरह से स्वतंत्र है। झारखंड में जदयू से भाजपा को चुनाव में कोई नुकसान नहीं होने वाला है।
सही ढंग से नहीं हुई तबरेज मामले की जांच
उन्होंने कहा कि मॉब लिंचिंग की घटना से भाजपा और आरएसएस का कोई संबंध नहीं है। विपक्ष मॉब लिंचिंग को गलत ढंग से परिभाषित कर रहा है। यह भी कहा कि सरायकेला खरसावां में तबरेज अंसारी की हत्या मामले में सही ढंग से जांच नहीं की गई। तबरेज अंसारी अपने गांव कदमडीहा से 10 किलोमीटर दूर धातकीडीह गांव में डेढ़ बजे रात को क्यों जा रहा था। पुलिस को इसकी जांच करनी चाहिए थी।