होली को लेकर शराब के अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई, शराब भट़ठी ध्वस्त Jamshedpur News
होली पर्व को लेकर क्षेत्र में अवैध करोबारियों पर पुलिस नकेल कसनी शुरू कर दी है। कार्रवाई करते हुए 40 बर्तन में भिगोकर रखे महुआ जावा को पुलिस ने नष्ट किया।
मुसाबनी (जागरण संवाददाता)। होली पर्व को लेकर क्षेत्र में अवैध करोबारियों पर पुलिस नकेल कसनी शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के धोबनी इलाके में मुसाबनी थाना प्रभारी संजीव कुमार झा के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने अभियान चलाकर क्षेत्र में संचालित अवैध शराब भट़ठी को ध्वस्त किया।
इस दौरान 40 बर्तन में भिगोकर रखे महुआ जावा को पुलिस ने नष्ट किया। साथ ही भट़ठी को भी तहस - नहस कर दिया। इस अभियान के दौरान नेत्रा में तीन व धोबनी में दो शराब की भट़ठी को ध्वस्त किया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी भट़ठी के संचालक भाग निकले थे।
थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि धोबनी क्षेत्र के आसपास जंगल, खेत एवं तालाब के किनाने अवैध महुआ शराब भट़ठी का संचालन हो रहा है। इसी सूचना के आधार पर एक टीम का गठन किया और भटि़ठयों को ध्वस्त किया गया। इस संबंध में अधिकारियो ने कहा कि इस कारोबार के संचालकों की पहचान हो चुकी है। जल्द ही उनकी गिरफ़तारी कर ली जाएगी।
थाना प्रभारी ने कहा कि अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अभियान में प्रोबेशनर एसआइ मनोज कुमार, एसआइ दीपेश कुमार, एसआइ राजेश कुमार, चौकीदार गोपाल भगत, विश्वजीत भगत, उत्तम कुमार आदि जवान शामिल थे।