Jamshedpur Lok Sabha Election Result 2019 : गाजे-बाजे के साथ विद्युत ने निकाली आभार यात्रा
Jamshedpur Lok Sabha Election 2019. लोकसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद शुक्रवार को विद्युत वरण महतो ने जमशेदपुर शहर में आभार यात्रा निकाली।
जमशेदपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद शुक्रवार को विद्युत वरण महतो ने जमशेदपुर शहर में आभार यात्रा निकाली। साकची स्थित पार्टी कार्यालय से निकली आभार यात्रा ने शहर के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया और मतदाताओं को दूसरी बार चुनने के लिए आभार जताया।
खुले वाहन में भाजपा के नेताओं के साथ विद्युत यात्रा के दौरान दोनों हाथ जोड़े रहे। यात्रा की समाप्ति के बाद विद्युत ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया और कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की बदौलत ही मिली है। कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही नतीजा है कि विरोधी कहीं नहीं टिक पाये और पिछली बार से ज्यादा मतों ने जीत मिली। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की अपेक्षाओं पर खड़ा उतरने की पूरी तरह ईमानदारी से कोशिश करेंगे।
उड़े गुलाल, फूटे पटाखे
गाजे-बाजे के साथ निकली आभार यात्रा के दौरान गुलाल उड़े और आतिशबाजी भी जमकर हुई। इस दौरान मोदी के जयकारे लगे। रघुवर दास जिंदाबाद के नारे भी कार्यकर्ता लगा रहे थे। भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, महिला आयोग की राज्य अध्यक्ष कल्याणी शरण, राज्य खादी बोर्ड के सदस्य कुलदीप सिंह बंटी मुख्यरूप से आभार यात्रा में शामिल थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप